बेटा बना फर्जी ईडी अफसर, पिता ने पहन लिया फर्जी दरोगा का चोला

0
8

मथुरा: खुद को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर जिले के अफसरों पर रौब जमाने वाले सचिन शर्मा के बाद अब उसके पिता सुरेश शर्मा की भी करतूत सामने आई है। पिता भी फर्जी दरोगा बनकर लोगों पर धौंस जमाता था। पुलिस ने उसके कब्जे से उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा के दो फर्जी पहचान पत्र बरामद किए हैं। दोनों आईकार्ड पर सुरेश शर्मा की फोटो लगी थी। वह अपनी कार टैक्सी के रूप में चलाता था और उसी कार में पुलिस की पी-कैप रखकर खुद को दरोगा बताता था। पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार किए गए सुरेश शर्मा को बुधवार को जेल भेज दिया। इससे पहले सचिन को मंगलवार को ही जेल भेजा जा चुका है।

 सचिन की गिरफ्तारी की कहानी 

फरह क्षेत्र के दीनदयाल धाम स्थित नगला बर निवासी सचिन शर्मा पिछले करीब दो वर्ष से खुद को ईडी अधिकारी बताकर जिले के अधिकारियों पर रौब गांठ रहा था। सोमवार दोपहर वह सीओ रिफाइनरी कार्यालय पहुंचा था। वहां सीओ प्रवीण कुमार तिवारी को उसकी गतिविधियों पर शक हुआ। उन्होंने सचिन से ईडी अधिकारी होने का साक्ष्य मांगा तो वह सकपका गया। इसके बाद लखनऊ स्थित ईडी मुख्यालय से संपर्क कर उसकी हकीकत की पुष्टि की गई। फर्जी अधिकारी होने की पुष्टि होते ही पुलिस ने उसे कार समेत गिरफ्तार कर लिया।

 पिता सुरेश से फर्जी आईकार्ड और ठगी के सबूत 

पूछताछ में सचिन ने अपने पिता सुरेश शर्मा की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार को सुरेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से उत्तर प्रदेश पुलिस के दरोगा के दो फर्जी आईकार्ड मिले। दोनों पर एक ही नाम और सुरेश शर्मा की फोटो लगी हुई थी। पुलिस के मुताबिक, सुरेश अपनी कार टैक्सी में चलाता था। कार में पुलिस की पी-कैप रखकर वह खुद को दरोगा बताता और इसी पहचान के सहारे लोगों पर रौब जमाता था। जांच में यह भी सामने आया कि सुरेश के बैंक खाते में दो लोगों से ठगी के 32 लाख रुपये पहुंचे थे। इधर, गोपालपुरा रांची बांगर निवासी पूनम ने मंगलवार रात सचिन, उसके पिता सुरेश शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है। महिला की शिकायत के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। पुलिस अब पिता-पुत्र की गतिविधियों, उनके संपर्कों और आर्थिक लेन-देन से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

ईडी मुख्यालय ने भी लिया संज्ञान

फर्जी ईडी अधिकारी बनकर अधिकारियों पर प्रभाव जमाने के इस मामले का ईडी मुख्यालय ने भी संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि मुख्यालय ने रिफाइनरी थाने में दर्ज मुकदमे की प्रति और पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तलब की है। पुलिस और ईडी स्तर से मामले से जुड़े दस्तावेजों और आरोपों की जानकारी जुटाई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, जांच में यदि आर्थिक लेन-देन या धन के स्रोत से जुड़े तथ्य सामने आते हैं तो ईडी मनी लांड्रिंग के पहलू की भी जांच कर सकती है। सीओ रिफाइनरी प्रवीण कुमार तिवारी ने बताया कि आरोपित पिता-पुत्र को जेल भेज दिया गया है। मामले के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here