नई दिल्लीः उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के माधोटांडा कस्बे में एक नाबालिग छात्रा के साथ कथित तौर पर गलत हरकत करने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि दुकान पर सामान लेने पहुंची कक्षा आठ की छात्रा को दुकानदार बहाने से दुकान के अंदर बने शौचालय में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए विरोध किया और आरोपी के चंगुल से निकलने के लिए संघर्ष किया। आखिरकार वह किसी तरह वहां से भागकर बाहर आ गई। इस घटना के बाद से छात्रा काफी डरी हुई है और सदमे के कारण उसकी तबीयत भी बिगड़ गई है।
क्या है पूरा मामला?
परिजनों की शिकायत के अनुसार, माधोटांडा निवासी एक व्यक्ति की 13 वर्षीय बेटी कक्षा आठ में पढ़ती है। 10 नवंबर की शाम करीब चार बजे वह कस्बे में सामान लेने अवनीश गुप्ता की दुकान पर गई थी। आरोप है कि दुकान पर मौजूद अवनीश उसे बहलाकर अंदर बने शौचालय में ले गया। वहां उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की। जिसके बाद छात्रा ने इसका विरोध किया और खुद को बचाने के लिए पूरी ताकत लगाई। काफी मशक्कत के बाद वह आरोपी से बचकर दुकान से बाहर निकलने में सफल रही।
घटना के बाद से डरी हुई है छात्रा
पिता का कहना है कि इस घटना के बाद उनकी बेटी काफी घबराई हुई है। वह सदमे में है और उसकी तबीयत भी खराब हो गई है। बेटी की हालत देखकर परिवार ने पुलिस से शिकायत की। इसके बाद पिता की तहरीर के आधार पर माधोटांडा थाने में आरोपी दुकानदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। मामले को लेकर सीओ विधि भूषण मौर्य ने बताया कि शिकायत के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है। और बाकि मामले की जांच जारी है।











