नई दिल्ली: Apple के अगले आईफोन का इंतजार कर रहे लोगों के लिए नई जानकारी सामने आई है। कंपनी ने इस बार अपने लॉन्च इवेंट में iPhone Air और स्टैंडर्ड iPhone 18 को पेश नहीं किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple ने अपनी लॉन्च रणनीति में बदलाव किया है और इन दोनों मॉडल को स्प्रिंग 2027 में बाजार में उतार सकती है। अब एक वीडियो में iPhone Air 2 और iPhone 18 के कथित डमी मॉडल दिखाई दिए हैं, जिनसे इनके डिजाइन को लेकर कुछ संकेत मिले हैं। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर Lusi Roy नाम के यूजर ने एक वीडियो शेयर किया है। इसमें दो मेटल से बने CNC-मशीन डमी मॉडल दिखाए गए हैं। दावा किया जा रहा है कि ये iPhone Air 2 और iPhone 18 के हैं। हालांकि, इनकी असल पहचान की कंपनी ने पुष्टि नहीं की है।
वीडियो के मुताबिक, iPhone Air 2 का बाहरी डिजाइन पिछले मॉडल जैसा ही रह सकता है। इसके बटन, पोर्ट और फ्रंट में Face ID कटआउट की जगह में बदलाव नजर नहीं आ रहा है। हालांकि, पीछे की तरफ कैमरा सेटअप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। जहां पहले मॉडल में एक रियर कैमरा था, वहीं नए फोन में दो कैमरे दिए जाने की संभावना है। कैमरा मॉड्यूल में LED फ्लैश और माइक्रोफोन भी नजर आ सकते हैं। दूसरी ओर, डमी मॉडल में iPhone 18 का आकार iPhone Air 2 के करीब दिखाई दे रहा है। अगर यह डिजाइन सही साबित होता है, तो फोन का साइज iPhone 16 Plus के आसपास हो सकता है। इसके कैमरा डिजाइन में iPhone 17 जैसी झलक मिलने का दावा किया जा रहा है।
iPhone 18 and iPhone Air 2 https://t.co/BEGf7VHq0u
— Lusi Roy (@LusiRoy7) November 9, 2026
iPhone Air 2 की संभावित कीमत और स्पेसिफिकेशन
टिपस्टर संजू चौधरी के मुताबिक, iPhone Air 2 की शुरुआती कीमत 1,099 डॉलर (करीब 1.03 लाख रुपये) हो सकती है। इसमें 6.55 इंच का ProMotion डिस्प्ले और एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग मिलने की उम्मीद है। फोन में A20 Pro चिपसेट और C2 मॉडेम दिया जा सकता है। इसके अलावा, इसमें 3,500mAh की बैटरी और पीछे 48 मेगापिक्सल के दो कैमरे मिल सकते हैं। इनमें प्राइमरी और अल्ट्रावाइड लेंस शामिल होने की संभावना है।
iPhone 18 की संभावित कीमत और फीचर्स
iPhone 18 में 6.3 इंच का ProMotion डिस्प्ले और एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग मिल सकती है। टिपस्टर के अनुसार, इसमें भी A20 प्रोसेसर और C2 मॉडेम दिया जा सकता है। इसकी कीमत 999 डॉलर (करीब 93 हजार रुपये) रहने का अनुमान है। फोन में 4,430mAh की बैटरी, 40W वायर्ड चार्जिंग और MagSafe वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिल सकता है। कैमरे के लिए इसमें 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी और 48 मेगापिक्सल का अल्ट्रावाइड लेंस दिए जाने की चर्चा है। हालांकि, Apple ने इन फीचर्स और कीमतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इसलिए फिलहाल इन्हें लीक और शुरुआती जानकारी के तौर पर ही देखना चाहिए।












