ईरान की धमकी से अमेरिका अलर्ट, UK एयरबेस से आनन-फानन में हटाए अपने लड़ाकू विमान

0
8

नई दिल्ली: ईरान से बढ़ते खतरे के बीच अमेरिका ने ब्रिटेन में मौजूद अपने एक एयरबेस से अपने एयरक्राफ्ट हटा लिए हैं। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने RAF मिल्डेनहॉल बेस से अपने विमानों को सुरक्षित जगह पर शिफ्ट किया है। इस कदम के बाद अमेरिका के मिलिट्री ठिकानों की सुरक्षा को लेकर नई चिंताएं बढ़ गई हैं।

सूत्रों का कहना है कि अमेरिकी अधिकारियों के बीच अभी भी इस बात पर बहस चल रही है कि RAF मिल्डेनहॉल को खतरा कितना गंभीर था। यह भी साफ नहीं है कि यह खतरा आने वाला था या यह सामान्य अलर्ट था। लेकिन इतना तय है कि वाशिंगटन इस मामले को हल्के में नहीं ले रहा है।

ट्रंप बोले- अभी बड़े मिलिट्री एक्शन की जरूरत नहीं

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संकेत दिया है कि ईरान के खिलाफ बड़े मिलिट्री ऑपरेशन फिलहाल खत्म हो चुके हैं। हालांकि उन्होंने आगे कार्रवाई से पूरी तरह इनकार भी नहीं किया है। ट्रंप ने कहा, मिलिट्री एक्शन लेना बहुत जरूरी नहीं लगता, लेकिन हम हर स्थिति के लिए तैयार हैं। अगर हालात बदले तो हम तुरंत जवाब देंगे।

ईरान ने रखीं सात शर्तें, कहा- सरेंडर करो

दूसरी तरफ, ईरान ने अमेरिका के खिलाफ अपनी कूटनीतिक बयानबाजी तेज कर दी है। ईरान के वरिष्ठ अधिकारी रेजाई ने व्हाइट हाउस से कहा है कि वेस्ट एशिया में युद्ध खत्म करने के लिए ईरान के सात-पॉइंट फ्रेमवर्क को मान लिया जाए। रेजाई ने कहा, ईरान के खिलाफ जंग ने अमेरिकी सरकार को तोड़ दिया है, लेकिन वाशिंगटन एक हताश जुआरी की तरह हाथ-पैर मार रहा है। अब खेलना बंद करो और ईरान की सात शर्तों के आगे झुकने का समय आ गया है।

नेतन्याहू हर दिन कर रहे ट्रंप को फोन

फाइनेंशियल टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू लगातार ट्रंप के संपर्क में हैं। उन्होंने ट्रंप से रोज बात कर तेहरान के खिलाफ हमले फिर से शुरू करने की अपील की है। एक सूत्र ने बताया, नेतन्याहू उन्हें हर दिन फोन करते हैं और जंग फिर से शुरू करने की गुजारिश करते हैं। वहीं व्हाइट हाउस के अंदर और बाहर कई लोग ऐसे हैं जो जंग नहीं चाहते और उसे रोकने की कोशिश कर रहे हैं।

यह दबाव उन अरब देशों की अपील के बिल्कुल उल्टा है, जो अमेरिका से कूटनीति अपनाने और युद्ध खत्म करने की मांग कर रहे हैं। कतर, सऊदी अरब, यूएई और तुर्की के नेताओं ने व्हाइट हाउस से बातचीत जारी रखने की अपील की है।

छोटे हमले जारी, होर्मुज पर डील की कोशिश

बातचीत के बीच ईरान में छोटे मिलिट्री ऑपरेशन जारी हैं। 3 और 6 नवंबर को केशम आइलैंड पर मिसाइल हमले भी हुए। ट्रंप ने इन हमलों पर सीधे कुछ नहीं कहा, लेकिन उन्होंने एक छोटे ऑपरेशन की पुष्टि की। उन्होंने कहा, हम छोटे-मोटे हमले करते हैं। उन्होंने एक छोटा एंटी-एयरक्राफ्ट डिवाइस बनाया था, जिसे हमने कुछ ही मिनटों में खत्म कर दिया। सोमवार को व्हाइट हाउस में ट्रंप ने कहा, ईरान सैन्य रूप से पूरी तरह खत्म हो चुका है। हम इसे जैसा है वैसा ही बनाए रखेंगे।

वहीं कतर के प्रधानमंत्री के साथ हुई बैठक में एक ड्राफ्ट प्रस्ताव पर चर्चा हुई। इसके तहत ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों के आने-जाने की गारंटी देने की बात कही है, बशर्ते अमेरिका ईरानी बंदरगाहों से नौसेना की रोक हटाए और फ्रिज किए गए रिजर्व को वापस करे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here