दो घंटे में खत्म हुआ मासूम की तलाश का इंतजार, रोहिणी पुलिस ने परिवार से मिलाई तीन साल की बच्ची

0
9

नई दिल्ली: घर से अचानक लापता हुई तीन साल की मासूम बच्ची की तलाश में परिवार की सांसें थम गई थीं। हर गुजरते पल के साथ चिंता बढ़ रही थी लेकिन दिल्ली पुलिस की मुस्तैदी ने महज दो घंटे में इस परिवार की खुशियां लौटा दीं। रोहिणी जिला पुलिस ने ऑपरेशन मिलाप के तहत बच्ची को सुरक्षित तलाश कर उसके परिजनों से मिला दिया।

दो घंटे में बच्ची को तलाशा

रोहिणी जिला डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि थाना अमन विहार में करीब तीन साल की बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस नियंत्रण कक्ष के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही थाना अमन विहार के थाना प्रभारी विजय समारिया के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश शुरू कर दी।

सीसीटीवी और स्थानीय लोगों की ली मदद

उपनिरीक्षक अनिल, हेड कांस्टेबल दिनेश, राम दयाल और कांस्टेबल अमित की टीम ने आसपास के घरों, दुकानों और गलियों में सघन तलाशी अभियान चलाया। दुकानदारों, रेहड़ी-पटरी वालों, ई-रिक्शा चालकों और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी निगरानी की मदद से पुलिस टीम ने लगातार प्रयास जारी रखे।

शनि बाजार रोड से सकुशल मिली बच्ची

आखिरकार मेहनत रंग लाई और पुलिस ने सूचना मिलने के महज दो घंटे के भीतर शनि बाजार रोड से बच्ची को सकुशल तलाश लिया। इसके बाद आवश्यक पहचान और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर बच्ची को सुरक्षित उसके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया। यह पूरा अभियान एसीपी अमन विहार अजय वेदवाल की निगरानी में संचालित किया गया। डीसीपी ने नागरिकों से अपील की है कि बच्चों के लापता होने की सूचना बिना देरी किए पुलिस को दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here