दिल्ली से आजमगढ़ जा रही बस गंगा एक्सप्रेस-वे पर पलटी, 120 यात्री थे सवार, कई घायल

0
12

नई दिल्ली: दीपावली पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए दिल्ली से घर लौट रहे यात्रियों का सफर शनिवार देर रात हादसे में बदल गया। गंगा एक्सप्रेस-वे पर करीब 120 यात्रियों से भरी एक स्लीपर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि आठ यात्रियों की हालत गंभीर बताई गई। उन्हें यूपीडा की एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना रात करीब 2:30 बजे बहजोई क्षेत्र के गांव करीमपुर के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, यह स्लीपर बस रोजाना दिल्ली के कश्मीरी गेट से आजमगढ़ के लिए रवाना होती है। शनिवार को भी बस करीब 120 यात्रियों को लेकर दिल्ली से चली थी। इनमें ज्यादातर लोग दीपावली मनाने अपने घर जा रहे थे। बताया गया कि रास्ते में एक होटल पर रुककर यात्रियों ने खाना खाया था। इसके बाद बस फिर आगे बढ़ी। इसी दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे बस पर उसका नियंत्रण नहीं रहा और वाहन सड़क पर पलट गया। अचानक हुए हादसे से यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

बस पलटते ही मची चीख-पुकार

बस के पलटते ही अंदर बैठे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। यात्री मदद के लिए चिल्लाने लगे। कई लोग एक-दूसरे का सहारा लेकर किसी तरह बस से बाहर निकले। हादसे में गुड्डू पाल, पप्पू, नीरज, बलवंत, सूरज प्रकाश, सूरज, विजेंद्र गौड़ और अवनीश घायल हुए। ये सभी आजमगढ़ के अलग-अलग गांवों के रहने वाले बताए गए हैं।

घायलों को मौके पर पहुंची यूपीडा की एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल ले जाया गया। बाकी यात्रियों को भी चोटें आईं, हालांकि उनमें से अधिकतर को मामूली चोट बताई गई है।

बस में 110 से 150 यात्रियों के सवार होने की बात

घायल गुड्डू पाल ने बताया कि बस में करीब 110 से 150 यात्री बैठे हुए थे। उन्होंने बताया कि वह दिल्ली में वेल्डिंग का काम करते हैं, जबकि उनके साथ यात्रा कर रहे पप्पू टाइल्स लगाने का काम करते हैं। दोनों दीपावली मनाने के लिए अपने घर जा रहे थे।

सूचना मिलने के बाद बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल भिजवाया गया और सड़क पर पलटी बस को सीधा करा दिया गया। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर जरूरी कार्रवाई की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here