दिवाली पर कारोबारी ने कर्मचारियों पर लुटाया प्यार, 20 लोगों को दिया एक-एक लाख से ज्यादा का बोनस

0
12

नई दिल्ली: दिवाली पर नौकरी करने वाले लोगों को बोनस का इंतजार रहता है। कहीं मिठाई और कपड़े मिलते हैं, तो कहीं कुछ हजार रुपये बोनस के रूप में दिए जाते हैं। लेकिन गुजरात के सूरत में एक कारोबारी ने अपने कर्मचारियों को ऐसा तोहफा दिया, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर हो रही है। कपड़ा व्यापारी रामस्वरूप मुंडे ने अपने यहां काम करने वाले 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से ज्यादा का नकद बोनस दिया। खास बात यह रही कि उन्होंने यह रकम लिफाफे में देने के बजाय नोटों की गड्डियों से सजी बड़ी-बड़ी थालियों में रखकर भेंट की। बोनस देखकर कई कर्मचारी हैरान रह गए, वहीं कुछ की आंखों में खुशी के आंसू आ गए।

20 कर्मचारियों को बांटे 20 लाख रुपये से ज्यादा

रामस्वरूप मुंडे सूरत के वराछा इलाके में सुदामा चौक स्थित महादेव क्लॉथ सेंटर नाम से कपड़ों का कारोबार चलाते हैं। उन्होंने इस दिवाली अपने 20 कर्मचारियों को एक-एक लाख रुपये से अधिक का बोनस देने का फैसला किया। इस तरह कुल 20 लाख रुपये से ज्यादा की रकम बांटी गई। इसके लिए उन्होंने 10, 20, 50, 100, 200 और 500 रुपये के नए नोटों की गड्डियां सजाईं और उन्हें पूजा की थालियों में रखकर कर्मचारियों को भेंट किया। इसके बाद इस पूरे आयोजन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में नोटों से भरी थालियां साफ दिखाई दे रही हैं।

जब कर्मचारियों को एक-एक करके बोनस दिया गया, तो वे पहले इस तोहफे को देखकर हैरान रह गए। एक महिला कर्मचारी की आंखों से खुशी के आंसू निकल आए। इस मौके पर कारोबारी के परिवार के लोग भी मौजूद थे। कर्मचारियों को उनकी पत्नियों के हाथों भी बोनस दिलवाया गया, ताकि उनके परिवार के लिए यह पल और खास बन सके।

कर्मचारियों को परिवार मानते हैं कारोबारी

रामस्वरूप मुंडे ने बताया कि उनके लिए कर्मचारी सिर्फ काम करने वाले लोग नहीं, बल्कि परिवार के सदस्यों जैसे हैं। उनका मानना है कि किसी भी कारोबार की तरक्की में कर्मचारियों की मेहनत और ईमानदारी का बड़ा योगदान होता है। उन्होंने बताया कि उनका बचपन आर्थिक तंगी में गुजरा है और वह समझते हैं कि पैसों की कमी में परिवार को कितनी परेशानियां झेलनी पड़ती हैं। त्योहार पर कपड़े, घर का सामान और बच्चों की जरूरतें पूरी करने में भी खर्च बढ़ जाता है। इसलिए वह चाहते थे कि उनके कर्मचारी बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने परिवार के साथ दिवाली मना सकें।

राजस्थान की मायरा परंपरा से जुड़ा है यह तोहफा

कारोबारी ने बोनस देने के इस तरीके को राजस्थान की ‘मायरा’ या ‘मामेरा’ परंपरा से भी जोड़ा। इस परंपरा में मामा अपनी भांजी को शादी या खास अवसरों पर पैसे और उपहार देते हैं। रामस्वरूप ने इसी भावना के साथ अपने कर्मचारियों को परिवार का हिस्सा मानकर यह तोहफा दिया। वीडियो सामने आने के बाद लोग कारोबारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई यूजर्स का कहना है कि कर्मचारियों की मेहनत को इस तरह सम्मान देना सराहनीय है। वहीं, कुछ लोगों ने मजाक में लिखा कि उन्हें भी ऐसी कंपनी में नौकरी करनी है, जहां दिवाली पर एक लाख रुपये से ज्यादा का बोनस मिले।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here