शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर 20.26 लाख की चपत

0
13

नोएडा: शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने 62 वर्षीय व्यक्ति की जीवनभर की कमाई पर हाथ साफ कर दिया। निवेश के नाम पर आरोपियों ने पहले ऑनलाइन मंच पर लाखों रुपये का मुनाफा दिखाया और जब पीड़ित ने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो नए-नए बहाने बनाकर निकासी रोक दी। इतना ही नहीं, रकम वापस दिलाने के नाम पर 23.44 लाख रुपये अतिरिक्त जमा करने का दबाव भी बनाया गया।

कंपनी से संपर्क और भरोसा जगाने का तरीका

सेक्टर-76 स्थित आम्रपाली प्रिंसली एस्टेट निवासी कौशल धीमान ने साइबर अपराध थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर 2026 को उनका संपर्क डेल्टा टेकइन्वेस्ट प्राइवेट लिमिटेड नामक कंपनी से हुआ था। कंपनी ने खुद को डेल्टा सिक्योरिटीज और भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड से पंजीकृत बताया। इसके बाद कस्टमर केयर विभाग और मुख्य विश्लेषक गुल टेकचंदानी से फोन तथा व्हाट्सऐप पर बातचीत हुई। पीड़ित के अनुसार शुरुआत में ऑनलाइन ट्रेडिंग खाते में लगातार मुनाफा दिखाया जाता रहा। इससे भरोसा बढ़ा और वह निवेश करते रहे। लेकिन रकम निकालने की बारी आई तो कभी खाता फ्रीज होने तो कभी दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर पैसे मांगे गए। बाद में खाते की साख 65 प्रतिशत बताकर निकासी रोक दी गई।

20 लाख से अधिक की ठगी, प्राथमिकी दर्ज

पीड़ित ने 19 सितंबर से 20 अक्टूबर के बीच कुल 20,26,399 रुपये जमा किए, लेकिन उन्हें केवल 35 हजार रुपये ही वापस मिले। आरोपियों ने अतिरिक्त सेवा शुल्क के नाम पर 23,44,329 रुपये और मांगे तथा सात दिन में भुगतान नहीं करने पर खाते में परेशानी आने की चेतावनी दी। लगातार मांगों से परेशान होकर पीड़ित ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया। छह नवंबर को साइबर अपराध थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here