दिल्ली की सड़कों पर उतरी सफाई की ‘महामुहिम’, धूल और गंदगी के खिलाफ एमसीडी का महाअभियान

0
12

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली को धूल, गंदगी और प्रदूषण से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने सफाई का मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को दिल्ली के सभी 12 जोन में एक साथ विशेष सफाई अभियान चलाकर एमसीडी ने सड़कों से लेकर फुटपाथों और रिंग रोड तक सफाई की व्यापक मुहिम छेड़ दी। दोपहर 12 से 2 बजे तक चले इस अभियान में हजारों सफाईकर्मी, वाटर टैंकर, जेटिंग मशीनें और आधुनिक मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें मैदान में उतारी गईं।

एमसीडी आयुक्त ने संभाली अभियान की कमान

इस अभियान की कमान खुद एमसीडी आयुक्त संजीव खिरवार ने संभाली। उन्होंने पंजाबी बाग स्थित रिंग रोड पहुंचकर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात कर्मचारियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निगम का लक्ष्य प्रमुख सड़कों को धूलमुक्त बनाने के साथ सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना है।

पश्चिमी जोन में 241 सफाईकर्मी तैनात

पश्चिमी जोन में पांच प्रमुख स्थानों पर 241 सफाईकर्मियों की तैनाती की गई। इनमें शिव मंदिर रोड बापरोला पर 32, 55 फुटा रोड पर 35, मुख्य नजफगढ़ रोड पर 39, नंदा देवी चौक से डीडीए बिंदापुर तथा नजफगढ़ रोड के पिलर संख्या 576 से 639 तक 55 और पंजाबी बाग रिंग रोड पर 80 कर्मचारी सफाई में जुटे रहे।

दक्षिणी जोन में 41 किमी सड़क की सफाई

दक्षिणी जोन में सभी 23 वार्डों में अभियान चलाया गया। यहां करीब 300 अतिरिक्त सफाईकर्मियों, 20 टिपर वाहनों और 11 वाटर टैंकरों को लगाया गया। लगभग 41 किलोमीटर सड़कों की सफाई कर सात मीट्रिक टन धूल और दो मीट्रिक टन कचरा हटाया गया। इसके अलावा पूरी सड़क की धुलाई भी कराई गई।

दक्षिण-पूर्वी, दक्षिण-पश्चिमी और करोल बाग में भी अभियान

दक्षिण-पूर्वी जोन में लाजपत नगर, नेहरू नगर, मथुरा रोड, तुगलकाबाद एक्सटेंशन और रिंग रोड पर सफाई हुई। दक्षिण-पश्चिमी जोन में ककरोला, मार्बल मार्केट सेक्टर-20, आईजीआई एयरोसिटी, महिपालपुर और वसंत कुंज को अभियान में शामिल किया गया। करोल बाग जोन में नारायणा औद्योगिक क्षेत्र, रिंग रोड और नारायणा गांव में सफाई की गई।

उत्तरी और उत्तर-पूर्वी जोन में मशीनों से सफाई

मध्य-उत्तरी जोन के वजीरपुर में 30 कर्मचारी, दो जेटिंग मशीनें और चार ऑटो टिपर लगाए गए। उत्तरी जोन में छह किलोमीटर सड़क की सफाई के लिए 34 कर्मचारी, दो जेटिंग मशीनें और दो वाटर स्प्रिंकलर मशीनें तैनात रहीं। वहीं उत्तर-पूर्वी जोन में 1,896 सफाईकर्मियों के साथ तीन मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनें, चार जेटिंग-कम-स्प्रिंकलर मशीनें, 15 ऑटो टिपर और 10 ई-रिक्शा लगाए गए।

छह दिन चलेगा एमसीडी का विशेष सफाई अभियान

एमसीडी का यह अभियान छह दिवसीय कार्यक्रम के तहत चलाया जा रहा है। इसमें प्रमुख बाजारों, व्यावसायिक केंद्रों, सार्वजनिक परिवहन स्थलों, रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, संस्थागत परिसरों और आवासीय क्षेत्रों को शामिल किया गया है। सभी जोन के उपायुक्त स्वयं अभियान की निगरानी कर रहे हैं। अब देखना होगा कि सफाई की यह मुहिम कितनी स्थायी साबित होती है। फिलहाल निगम का संदेश साफ है सड़कों पर सफाई, प्रदूषण पर वार और स्वच्छ दिल्ली का सपना साकार।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here