लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कन्नौज से गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां शक के चलते एक पति ने अपनी ही पत्नी को जिंदा जला दिया। प्रेम विवाह करके घर बसाने वाली महिला की जिंदगी उसी के पति के शक की भेंट चढ़ गई। इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है। घटना छिबरामऊ कोतवाली इलाके के जगतपुर गांव की है। सुबह करीब सात बजे अचानक एक घर से आग की तेज लपटें उठने लगीं। आसपास के लोगों ने देखा तो सब घबरा गए। लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन तब तक आग काफी फैल चुकी थी।
पत्नि को कुर्सी से बांधकर छिड़का पेट्रोल
आरोप है कि पति सुखवीर सिंह ने पहले अपनी पत्नी को कुर्सी से बांध दिया, फिर उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। आग फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सिकंदरपुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग को भी बुलाया गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने कुछ देर में आग पर काबू पा लिया। घर में गैस सिलेंडर होने की आशंका के चलते लोग काफी देर तक दहशत में रहे। लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।
चरित्र पर शक करता था पति
पुलिस के मुताबिक, सुखवीर सिंह अपनी पत्नी के चरित्र को लेकर शक करता था। उसे शक था कि पत्नी का किसी और व्यक्ति से संबंध है। इसी शक ने धीरे-धीरे इतना बड़ा रूप ले लिया कि उसने खौफनाक कदम उठा लिया। एसपी विनोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था। आरोपी हिसार में मजदूरी करता था। वहां से लौटने के बाद उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है।
दो मासूम बच्चों का क्या होगा?
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। उनका सात साल का बेटा और छह साल की बेटी है। जिस घर में बच्चों की हंसी गूंजनी चाहिए थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। मां की मौत और पिता की गिरफ्तारी के बाद दोनों बच्चों के सामने अंधेरा छा गया है। गांव के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि मामूली शक इतनी बड़ी वारदात में बदल जाएगा। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि घरेलू रिश्तों में शक और हिंसा किस हद तक जा सकती है। एक पल के गुस्से और शक ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया।










