रतिया: थाना सदर रतिया पुलिस ने नशा तस्करी के मामले में पुलिस हिरासत से फरार हुए आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए दोबारा काबू कर लिया है। आरोपी की पहचान संदीप उर्फ सन्नी पुत्र हरजिंद्र सिंह निवासी खेत ढाणी खूनन के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थाना सदर रतिया प्रभारी महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि आरोपी संदीप उर्फ सन्नी के खिलाफ थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 200, दिनांक 04.09.2026, धारा 21(बी), 27(ए), 29, 61 व 85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। आरोपी को 2 नवंबर को पूछताछ के लिए पुलिस चौकी नागपुर लाया गया था, जहां वह पुलिस कर्मचारियों को धक्का देकर फरार हो गया।
गुप्त सूचना पर खेत ढाणी में पुलिस की दबिश
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी नागपुर तथा अपराध जांच शाखा रतिया की टीमों ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी गांव बीराबदी स्थित एक खेत ढाणी में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस चौकी नागपुर प्रभारी एएसआई बसंत सिंह तथा अपराध जांच शाखा रतिया प्रभारी उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों ने संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी।
पुलिसकर्मी से मारपीट, छत से कूदा आरोपी
पुलिस टीम जब गांव बीराबदी स्थित खेत ढाणी पर पहुंची तो आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए छत की तरफ भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस कर्मचारी ईएचसी सुभाष चंद्र ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उनके साथ मारपीट कर सीढ़ियों से धक्का दे दिया गया, जिससे वह घायल हो गए। गिरफ्तारी से बचने के प्रयास में आरोपी संदीप उर्फ सन्नी ने छत से छलांग लगा दी, जिससे वह नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को मौके पर काबू कर लिया। घायल पुलिस कर्मचारी तथा आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हिरासत से भागने व हमले पर नया केस दर्ज
महिला निरीक्षक पुष्पा ने बताया कि पुलिस हिरासत से भागने में सहायता देने, आरोपी को छिपाने, पुलिस कर्मचारी से मारपीट तथा सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने के संबंध में थाना सदर रतिया में अभियोग संख्या 233, दिनांक 03.11.2026, धारा 121(1), 132, 221 व 253(बी) बीएनएस के तहत अलग से मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है।
Reported By: Rimpi Jindal












