नोएडा: नोएडा और ग्रेटर नोएडा के मेट्रो यात्रियों के लिए सफर की रफ्तार बढ़ाने वाली बड़ी खुशखबरी है। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और रिकॉर्ड तोड़ राइडरशिप को देखते हुए नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) ने एक नवंबर से पीक आवर्स में ट्रेनों की रफ्तार बढ़ाने का फैसला किया है। अब व्यस्त समय में यात्रियों को अगली ट्रेन के लिए ज्यादा देर तक प्लेटफॉर्म पर इंतजार नहीं करना पड़ेगा। पहले जहां दो ट्रेनों के बीच 7 मिनट 30 सेकंड का अंतराल था, वहीं अब घटाकर 6 मिनट 35 सेकंड कर दिया गया है।
एक्वा लाइन पर रिकॉर्ड यात्री संख्या और सुविधाओं में सुधार
दरअसल, नोएडा मेट्रो की एक्वा लाइन पर 23 अक्टूबर को यात्रियों की संख्या ने नया इतिहास रच दिया। इस दिन कुल 1,05,358 यात्रियों ने मेट्रो में सफर किया, जो अब तक की सबसे बड़ी एकदिवसीय यात्री संख्या है। यात्रियों की औसत दैनिक संख्या में भी करीब 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। एनएमआरसी के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा के लिए क्यूआर कोड आधारित टिकटिंग, राष्ट्रीय साझा गतिशीलता कार्ड और फुट ओवरब्रिज के जरिए कनेक्टिविटी जैसी सुविधाओं को भी बेहतर बनाया गया है।
देर रात सेवा बढ़ाने और कनेक्टिविटी सुधारने पर विचार
मेट्रो प्रशासन देर रात तक सेवाएं बढ़ाने पर भी विचार कर रहा है। प्रस्ताव के तहत सेक्टर-51 से डिपो स्टेशन की ओर अंतिम ट्रेन रात 11 बजकर 25 मिनट पर रवाना करने की योजना है। हालांकि, यह प्रस्ताव अभी परिचालन संबंधी तैयारियों और व्यवहार्यता की अंतिम मंजूरी के अधीन है। साथ ही अंतिम छोर तक कनेक्टिविटी बेहतर करने के लिए संबंधित पक्षों से बातचीत जारी है।












