कर्तव्य पथ पर गूंजा समानता का संदेश, डिस्लेक्सिया जागरूकता वॉक में उमड़ा जनसैलाब

0
10

नई दिल्ली: राजधानी के ऐतिहासिक कर्तव्य पथ पर रविवार को जागरूकता संवेदनशीलता और समान अवसरों की आवाज बुलंद हुई। सोच फाउंडेशन की ओर से आयोजित डिस्लेक्सिया जागरूकता वॉक ने समाज को यह संदेश दिया कि बच्चों की प्रतिभा को किसी एक पैमाने पर नहीं परखा जा सकता। जरूरत है उनकी सीखने की शैली को समझने उनकी क्षमताओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ने का उचित अवसर देने की। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने इस जागरूकता वॉक का उद्घाटन किया जबकि पूर्व सांसद तरुण विजय ने कार्यक्रम का मार्गदर्शन किया। वॉक में बड़ी संख्या में युवा, अभिभावक, शिक्षक और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। लाल टी-शर्ट और टोपियों में एकजुट प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां और बैनर लेकर डिस्लेक्सिया के प्रति समाज की सोच बदलने का आह्वान किया।

हर बच्चे में है प्रतिभा, जरूरत है पहचान की

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि डिस्लेक्सिया कोई बीमारी नहीं बल्कि सीखने और जानकारी को समझने की एक अलग प्रक्रिया से जुड़ी स्थिति है। इसके संकेतों को समय रहते पहचानना बच्चों की जरूरतों को समझना और उन्हें उचित मार्गदर्शन देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि समाज में डिस्लेक्सिया को लेकर फैली गलत धारणाओं को दूर करना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि उचित सहयोग अनुकूल शैक्षणिक वातावरण और समान अवसर मिलने पर डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चे भी जीवन के किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। बच्चों को कमजोर समझने के बजाय उनकी विशेष क्षमताओं को पहचानकर प्रोत्साहित करना चाहिए।

समझें स्वीकारें और साथ दें- यही है असली बदलाव

पूर्व सांसद तरुण विजय ने कहा कि सोच फाउंडेशन का उद्देश्य डिस्लेक्सिया के प्रति जागरूकता बढ़ाना और समावेशी शिक्षा को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने ‘वॉक फॉर डिस्लेक्सिया’, ‘एक्ट फॉर डिस्लेक्सिया’ और ‘ब्रिलियंटली डिस्लेक्सिक’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया। वॉक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि डिस्लेक्सिया से प्रभावित बच्चों को भेदभाव नहीं, बल्कि समझ, सम्मान और सहयोग दिया जाएगा।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here