नई दिल्ली: केंद्रीय कर्मचारी और पेंशनर्स जुलाई साइकल के महंगाई भत्ते (DA) में बढ़ोतरी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। अब तक सरकार की ओर से कोई ऐलान नहीं हुआ है, जिससे 1 करोड़ कर्मचारियों और पेंशनर्स में बेचैनी बढ़ गई है। उम्मीद जताई जा रही है कि आज शनिवार या कल रविवार को सरकार इस पर फैसला ले सकती है। अगर इस वीकेंड में भी घोषणा नहीं हुई, तो इंतजार 28 अक्टूबर को होने वाली अगली कैबिनेट मीटिंग तक बढ़ सकता है।
आमतौर पर देखा गया है कि सरकार महंगाई भत्ते से जुड़े फैसले कैबिनेट बैठक वाले दिन ही करती है। हालांकि यह कोई लिखित नियम नहीं है, लेकिन बड़े फैसले अक्सर कैबिनेट के बाद ही सामने आते हैं। इसी वजह से अब सभी की नजरें 28 अक्टूबर को होने वाली बैठक पर टिकी हैं।
पहले भी टला है ऐलान
कर्मचारियों को उम्मीद थी कि अक्टूबर के पहले हफ्ते में ही DA का ऐलान हो जाएगा। इस महीने की पहली कैबिनेट मीटिंग 6 अक्टूबर को हुई थी, लेकिन DA पर कोई चर्चा नहीं हुई। इसके बाद 14 अक्टूबर को हुई बैठक में भी ऐलान नहीं हुआ, उस दिन सरकार ने रेलवे कर्मचारियों के लिए परफॉर्मेंस लिंक्ड बोनस की घोषणा की थी।
16 अक्टूबर को सरकार ने नॉन-परफॉर्मेंस लिंक्ड बोनस का ऐलान किया, लेकिन DA पर चुप्पी बनी रही। 21 अक्टूबर को उम्मीद थी कि बैठक होगी, लेकिन इस दिन कैबिनेट मीटिंग ही नहीं हुई, जिससे इंतजार और लंबा हो गया।
कितना बढ़ सकता है महंगाई भत्ता?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस बार सरकार DA में 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर सकती है। अगर ऐसा होता है तो केंद्रीय कर्मचारियों का DA 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो जाएगा। आपको बता दें कि आखिरी बार सरकार ने DA में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी, जिसके बाद यह 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हुआ था। बढ़ा हुआ DA जुलाई 2025 से लागू माना जाएगा, इसलिए कर्मचारियों को एरियर भी मिलेगा। फिलहाल कर्मचारी सरकार के आधिकारिक ऐलान का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनकी सैलरी और पेंशन में इजाफा होगा।












