गोलियों की गूंज के बीच पुलिस का शिकंजा, चोरी के गहनों के साथ दो बदमाश गिरफ्तार

0
11

नोएडा: अपराधियों की भागने की कोशिश और पुलिस की मुस्तैदी के बीच ग्रेटर नोएडा के बिसरख क्षेत्र में मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को रुकने का इशारा किया गया लेकिन आरोप है कि दोनों बदमाश भागने लगे और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में जितेंद्र उर्फ जीतू के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी पिंटू पुलिस की घेराबंदी में दबोच लिया गया।

पुलिस के मुताबिक 22 अक्टूबर की रात रोजा गोलचक्कर के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों का पीछा किया गया। रोजा याकूबपुर के छह प्रतिशत पार्क सर्विस रोड पर दोनों बाइक छोड़कर जंगल की ओर भागे और पुलिस पर गोलियां चला दीं। जवाबी फायरिंग के बाद घायल बदमाश को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे आरोपी को तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया।

बंद मकानों में चोरी, गहनों का जखीरा बरामद

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बिसरख क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों में शामिल होने की बात स्वीकार की। पहली घटना 27 अगस्त को सीएचसी बिसरख परिसर के एक बंद फ्लैट में हुई थी, जबकि दूसरी वारदात 13 अक्टूबर को रोजा जलालपुर की एक कॉलोनी के बंद मकान में हुई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जितेंद्र उर्फ जीतू (38), मूल निवासी मैनपुरी, और पिंटू (33), मूल निवासी मैनपुरी, के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के गहने, 11,450 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल, तीन मोबाइल फोन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, जितेंद्र के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी, लूट सहित कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here