पंजाब में 7 रुपए की लॉटरी ने चमकाई किस्मत, एक ही दिन में महिला बनी करोड़पति

0
8

नई दिल्ली: कहते हैं किस्मत कब पलट जाए पता नहीं चलता। ऐसा ही कुछ पंजाब के फरीदकोट जिले में हुआ। कोटकपूरा की रहने वाली बिमला देवी बच्चों के लिए कपड़े खरीदने निकली थीं, लेकिन 7 रुपए के एक लॉटरी टिकट ने उन्हें करोड़पति बना दिया। बता दें, बिमला देवी का परिवार मजदूरी करके गुजारा करता है। पति की कमाई से घर चलाना और बच्चों की परवरिश करना आसान नहीं था।

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, बिमला देवी बच्चों के कपड़े लेने के लिए घर से निकली थीं। रास्ते में रेलवे रोड पर स्टेशन के पास एक लॉटरी स्टॉल दिखा। उन्होंने सोचा-चलो किस्मत आजमाते हैं और 7 रुपए का एक टिकट खरीद लिया। उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि यही टिकट उनकी जिंदगी बदल देगा।

रिजल्ट आया तो झूम उठा परिवार

अगले दिन रिजल्ट आया तो स्टॉल संचालक नरेश मोंगा ने फोन कर बताया कि उनके टिकट पर 1 करोड़ रुपए का इनाम निकला है। खबर सुनते ही परिवार खुशी से झूम उठा। सभी भागते हुए दुकान पर पहुंचे। दुकानदार ने मिठाई खिलाई और परिवार ने भांगड़ा डालकर जश्न मनाया। पड़ोसी और जान-पहचान वाले भी बधाई देने पहुंच गए।

सिर्फ पैसा नहीं, बेहतर भविष्य की उम्मीद

बिमला देवी के लिए यह सिर्फ पैसा नहीं, बल्कि बेहतर जिंदगी का मौका है। मजदूरी की कमाई में हर जरूरत पूरी करना मुश्किल था। अब 1 करोड़ मिलने से आर्थिक तंगी दूर होने की उम्मीद है। परिवार ने अभी तय नहीं किया है कि पैसे का क्या करना है। सबकी राय के बाद फैसला होगा। योजना है कि एक छोटा कारोबार शुरू किया जाए, ताकि आमदनी बढ़े और बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो सके।

दुकानदार के लिए भी यादगार दिन

इस जीत से दुकानदार नरेश मोंगा भी बेहद खुश हैं। वह पिछले 6 महीने से लॉटरी बेच रहे हैं। उनकी दुकान से पहले लाखों के इनाम निकले हैं, लेकिन करोड़ का इनाम पहली बार निकला है। इसलिए यह दिन उनके लिए भी यादगार बन गया है। कपड़े खरीदने निकली एक मां के 7 रुपए के फैसले ने पूरे परिवार की तकदीर बदल दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here