लड़की बनकर लोगों को फंसाता रहा शख्स, इंस्पेक्टर समेत कई लोगों से 10 लाख रुपये की ठगी

0
15

नई दिल्ली: हैदराबाद से एक हैरान करने वाला हनीट्रैप केस सामने आया है। यहां एक 23 साल के बेरोजगार युवक ने खुद को लड़की बताकर 1000 से ज्यादा लोगों से संपर्क किया और 82 पुरुषों को ब्लैकमेल करके लाखों रुपये ऐंठ लिए। आरोपी की पहचान के. पवन कुमार के रूप में हुई है, जो कुकटपल्ली का रहने वाला है।

कैसे बनाता था जाल?

पुलिस के मुताबिक पवन ने पॉलिटेक्निक की पढ़ाई अधूरी छोड़ दी थी। उसने ‘चंदना’ नाम से इंस्टाग्राम पर 13 और फेसबुक पर 14 फर्जी अकाउंट बनाए। प्रोफाइल पर लड़की की फोटो लगाकर वह डॉक्टर, बिजनेसमैन, लेक्चरर, गिग वर्कर और स्टूडेंट्स से चैट करता था। शुरुआत में सामान्य बातचीत और फिर धीरे-धीरे चैट को प्राइवेट मोड पर ले जाता था। सामने वाले को लगता था कि वह किसी लड़की से बात कर रहा है, इसलिए वे अपनी प्राइवेट फोटो और वीडियो शेयर कर देते थे। पवन इन्हें अपने फोन में सेव कर लेता था।

फिर शुरू होता था ब्लैकमेल

तस्वीरें हाथ लगते ही धमकी का दौर शुरू होता था। वह कहता था कि अगर पैसे नहीं दिए तो फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दूंगा और पुलिस केस में फंसा दूंगा। इसी डर में लोग पैसे भेज देते थे। चारमीनार के डीसीपी किरण खरे के मुताबिक इस तरह 25 लाख रुपये से ज्यादा की वसूली का अनुमान है। पीड़ितों में 24 लोग दूसरे राज्यों के और 9 विदेश में रहने वाले हैं।

पुलिस इंस्पेक्टर भी फंसा

इस जाल में एक पुलिस इंस्पेक्टर भी फंस गया। इंस्पेक्टर की पत्नी ने शिकायत में बताया कि पवन ने खुद को चंदना का रिश्तेदार बताकर शादी का झांसा दिया और करीब 10 लाख रुपये ले लिए। इंस्पेक्टर खुद अक्टूबर में धोखाधड़ी और यौन शोषण के एक मामले में गिरफ्तार हुआ था। अब पत्नी का दावा है कि उसका पति भी हनीट्रैप का शिकार है।

कैसे हुआ खुलासा? 

मामले का खुलासा 22 साल के एक इंजीनियरिंग छात्र की शिकायत से हुआ। छात्र ने बताया कि 2024 से उसे ब्लैकमेल कर 4 लाख रुपये वसूले गए। सैदाबाद पुलिस ने जांच कर पवन को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब जांच कर रही है कि क्या इस रैकेट में कोई और भी शामिल था और कितने पीड़ित अभी सामने नहीं आए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here