विश्वास नगर की राम गली में मकान में लगी आग, दमकल की दो गाड़ियों ने 10 मिनट में पाया काबू

0
12

नई दिल्ली: शाहदरा जिले के विश्वास नगर स्थित राम गली में गुरुवार शाम एक मकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। मकान की पहली मंजिल पर रखे सजावटी सामान तक आग की लपटें पहुंच गईं। सूचना मिलते ही सीबीडी अग्निशमन केंद्र से दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तेजी से मोर्चा संभालते हुए करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।

मकान की पहली मंजिल पर रखा था सजावटी सामान

अग्निशमन केंद्र के अधिकारी सुंदर सिंह के अनुसार गुरुवार शाम करीब 5 बजकर 55 मिनट पर आग लगने की सूचना मिली थी। करीब 35 से 40 गज के मकान की पहली मंजिल पर सजावट का सामान रखा हुआ था। यहां कृत्रिम फूलों के अलावा दोने, प्लास्टिक और कपड़े से बनी सजावटी वस्तुएं मौजूद थीं। इनका इस्तेमाल बड़े प्रवेश द्वार और अन्य स्थानों को सजाने के लिए किया जाता है। इसी कमरे में एक मंदिर भी रखा हुआ था।

मंदिर की ज्योत से आग लगने की आशंका, दमकल ने पाया काबू

अग्निशमन अधिकारी सुंदर सिंह ने आशंका जताई कि मंदिर में जल रही ज्योत आग लगने की वजह हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ज्वलनशील सजावटी सामान की मौजूदगी के कारण आग फैलने का खतरा था, लेकिन दमकल कर्मियों की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने कमरे में रखे सामान को हटाया और दोबारा आग भड़कने की आशंका खत्म करने के लिए काफी देर तक ठंडा करने की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद अभियान समाप्त होने की सूचना नियंत्रण कक्ष को दी गई।

Reported By: Pankaj Rai

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here