अखिलेश यादव से यूट्यूबर ने पूछा Gen Z को टिकट मिलेगा? जवाब में मिल गया सीएम के खिलाफ चुनाव लड़ाने का ऑफर

0
15

नई दिल्ली: लखनऊ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कुछ ऐसा हुआ, जिसकी उम्मीद शायद किसी को नहीं थी। एक यूट्यूबर के सवाल पर अखिलेश ने ऐसा जवाब दिया कि मामला हंसी-मजाक से निकलकर चुनावी चर्चा तक पहुंच गया, और इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

गुरुवार दोपहर अखिलेश यादव लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। वहां मौजूद यूट्यूबर आयुष गुप्ता ने ‘नेताजी’ कहकर उनका ध्यान अपनी ओर खींचा। इसके बाद उन्होंने पूछा कि आज पूरा माहौल जेन जी से भरा हुआ है, तो क्या समाजवादी पार्टी इस बार चुनाव में किसी जेन जी को मौका देगी?

अखिलेश यादव ने बिना देर किए जवाब देना शुरू किया और कहा कि अगर कोई नौजवान चाहे तो… लेकिन बात पूरी होने से पहले ही सवाल पूछने वाले युवक ने ‘प्रेजेंट सर’ कहकर हाथ खड़ा कर दिया। यह देखकर अखिलेश ने तुरंत पूछ लिया कि वे किस विधानसभा से टिकट चाहते हैं। युवक जोर से हंस पड़ा और हाथ जोड़कर बोला कि पार्टी जहां से भी लड़वाना चाहे, वह वहीं से खड़ा हो जाएगा।

योगी आदित्यनाथ के खिलाफ लड़ने का सुझाव

इसके बाद अखिलेश यादव ने कहा कि उन्हें लगता है कि इस युवक को योगी आदित्यनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ाना पड़ेगा। उन्होंने साथ ही जोड़ा कि अगर युवक की इच्छा हो, तो वह उन्हें बता दे। यह सुनकर युवक ने कहा, “डन, क्या मैं इसे पक्का समझूं?” अखिलेश ने जवाब दिया कि बिल्कुल, अगर आपकी हां है, तो हम पीछे नहीं हटेंगे। बातचीत का लहजा भले हल्का-फुल्का था, लेकिन इसकी चर्चा तेजी से फैल गई।

15 लाख से ज्यादा बार देखा गया वीडियो

दोनों की इस बातचीत का वीडियो लोगों को खूब पसंद आ रहा है और यूजर्स जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अकेले इंस्टाग्राम पर ही 34 सेकंड की इस क्लिप को 15 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं। कमेंट बॉक्स में भी मजेदार टिप्पणियों की बाढ़ आ गई। एक यूजर ने लिखा कि चलो भैया, गोरखपुर से टिकट कन्फर्म हो गया। दूसरे ने कहा कि डिजिटल मार्केटिंग कैंपेन उनकी कंपनी की तरफ से मुफ्त रहेगा। तीसरे यूजर ने चुटकी ली कि भाई, तुमने खुद बीजेपी को फॉलो कर रखा है, लेकिन समाजवादी पार्टी को नहीं। वहीं चौथे यूजर ने लिखा कि हारें या जीतें, लेकिन पूरा देश जान जाएगा। लोग इसे मजेदार अंदाज में ले रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here