रियाद एयरपोर्ट हमले के बाद एअर इंडिया का बड़ा ऐलान, रियाद, दम्माम और जेद्दा की सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक कीं रद्द

0
9

नई दिल्ली: सऊदी अरब में बिगड़ते हालात का सीधा असर अब भारतीय यात्रियों की योजनाओं पर पड़ा है। एअर इंडिया ने रियाद, दम्माम और जेद्दा आने-जाने वाली अपनी सभी उड़ानें 20 अक्टूबर तक रद्द कर दी हैं। जिन लोगों के टिकट बुक थे, उनके लिए यह खबर बड़ी परेशानी बनकर आई है। एयरलाइन ने 16 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर यह जानकारी साझा की। कंपनी के मुताबिक, सऊदी अरब में बदलती स्थिति को देखते हुए ये उड़ानें 20 अक्टूबर तक बंद रहेंगी। प्रभावित यात्रियों को पूरा रिफंड दिया जा रहा है।

एअर इंडिया का कहना है कि वह घटनाक्रम पर करीब से नजर रखे हुए है और हालात का लगातार आकलन कर रही है, ताकि सुरक्षित तरीके से उड़ानें दोबारा शुरू की जा सकें। एयरलाइन ने साफ किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। सऊदी जाने या वहां से भारत लौटने की तैयारी कर रहे लोगों को इससे दिक्कत हो सकती है।

राजदूत ने जारी किया वीडियो संदेश

सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने वहां रह रहे भारतीयों के लिए वीडियो संदेश जारी किया। उन्होंने नागरिक सुविधाओं और बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की निंदा की और कहा कि भारत इस मुश्किल समय में सऊदी जनता और नेतृत्व के साथ खड़ा है। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की। गौरतलब है कि सऊदी अरब में हाल के हमलों से हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। 10 अक्टूबर को रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक भारतीय की जान चली गई थी। राजदूत के अनुसार, अधिकारी मृतक के परिवार के संपर्क में हैं। हमले में घायल 11 अन्य भारतीयों की मदद के लिए अस्पताल प्रशासन और उनके परिजनों से बातचीत की जा रही है।

यात्री क्या करें

राजदूत ने बताया कि रियाद एयरपोर्ट बंद होने के कारण एअर इंडिया और इंडिगो ने उड़ानें रद्द की थीं। वहीं सऊदिया, फ्लाईनास और फ्लाईडील की उड़ानें उपलब्ध थीं। यात्री इनसे या पड़ोसी खाड़ी देशों के रास्ते जा सकते हैं, लेकिन पहले उड़ान की स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। रियाद, दम्माम या जेद्दा के टिकटधारी रिफंड और दूसरे विकल्पों के बारे में अपनी एयरलाइन से पूछ सकते हैं।

दूतावास ने भारतीयों से शांत और सतर्क रहने की अपील की है। हवाई हमले की स्थिति में खुले में न रहें और घर या किसी सुरक्षित इमारत के अंदर रहें। हमलों की तस्वीरें या वीडियो सोशल मीडिया पर न डालें, क्योंकि यह सऊदी कानूनों का उल्लंघन हो सकता है। दूतावास, वाणिज्य दूतावास और आउटसोर्स सेवा प्रदाता काम कर रहे हैं, इसलिए पासपोर्ट जैसी सेवाओं के लिए उनसे संपर्क किया जा सकता है। उमरा यात्रियों के लिए 24 घंटे की हेल्पलाइन भी चालू है। ताजा जानकारी के लिए एयरलाइन और आधिकारिक एडवाइजरी पर नजर बनाए रखें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here