सऊदी में हूती हमलों के बीच भारतीय दूतावास ने जारी की एडवाइजरी, घर के अंदर रहने की दी सलह

0
11

नई दिल्ली: सऊदी अरब में हूती विद्रोहियों के ड्रोन और मिसाइल हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है, और अब इसका असर वहां रह रहे भारतीयों की सुरक्षा पर भी साफ दिखने लगा है। खाड़ी में बढ़ते खतरे को देखते हुए भारत सरकार ने सऊदी अरब में मौजूद अपने नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। भारतीय दूतावास ने एडवाइजरी जारी कर कहा है कि सभी भारतीय शांत रहें और पूरी सावधानी बरतें।

दूतावास ने साफ निर्देश दिए हैं कि हवाई हमले की स्थिति में लोग घर के अंदर ही रहें और स्थानीय प्रशासन की ओर से आधिकारिक माध्यमों से जारी निर्देशों का पालन करें। इसके साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे मौजूदा घटनाओं से जुड़े वीडियो या खबरों को बिना पुष्टि के आगे न भेजें और न ही दोबारा पोस्ट करें।

रियाद एयरपोर्ट हमले में गई भारतीय की जान

10 अक्टूबर को रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में मोहम्मद यूसुफ अली नाम के एक भारतीय की मौत हो गई थी। इस हमले में 11 भारतीयों समेत कई लोग घायल भी हुए थे। मोहम्मद यूसुफ अली का अंतिम संस्कार 12 अक्टूबर को रियाद में ही किया गया, जिसमें भारतीय राजदूत और दूतावास के अधिकारी शामिल हुए और परिवार के प्रति संवेदना जताई। दूतावास घायलों की स्थिति और मृतक के परिवार पर लगातार नजर बनाए हुए है। जानकारी के मुताबिक, घायल भारतीयों में से चार अब भी ICU में भर्ती हैं, चार अन्य का इलाज चल रहा है, जबकि तीन घायलों को अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है।

17 अक्टूबर तक रद्द रहेंगी उड़ानें

सुरक्षा हालात को देखते हुए मंगलवार को भारत की चार एयरलाइंस ने 17 अक्टूबर तक अपनी उड़ानें रद्द करने की जानकारी दी है। इनमें इंडिगो, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस और अकासा एयर शामिल हैं। प्रभावित यात्रियों को राहत देते हुए एयरलाइंस ने टिकट रद्द कराने पर पूरा रिफंड या बिना अतिरिक्त शुल्क के यात्रा की तारीख बदलने का विकल्प दिया है। हालांकि यात्रियों को एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी उड़ान की ताजा स्थिति संबंधित एयरलाइन से जरूर जांच लेनी चाहिए।

सऊदी अरब के संवेदनशील हालात को देखते हुए भारतीय नागरिकों के लिए सबसे जरूरी है कि वे सतर्क रहें और सिर्फ आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें। अब आने वाले दिनों में ही यह साफ हो पाएगा कि वहां के हालात कब तक सामान्य होते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here