पाकिस्तान के कराची में भी दिखा नवरात्रि का उत्साह, गरबा की धुन पर झूमते लोगों का वीडियो वायरल

0
8

नई दिल्ली: इस बार नवरात्रि की धूम विदेशों तक पहुंची है, भारत में गरबा नाइट और डांडिया का आयोजन आम बात है, लेकिन इस बार पाकिस्तान के कराची से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया है। वीडियो में लोग गरबा खेलते और नवरात्रि का उत्सव मनाते नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक महिला कहती नजर आती है कि यह भारत नहीं, बल्कि पाकिस्तान में मनाई जा रही नवरात्रि है। कराची के श्री रत्नेश्वर महादेव मंदिर में लोग गरबा खेलते दिखाई दे रहे हैं। मंदिर परिसर में भारत की तरह सजा हुआ पंडाल भी नजर आ रहा है।

मंदिर में लगी लोगों की भीड़ 

वीडियो में मंदिर को खूबसूरती से सजाया गया है, जहां बीच में माता रानी की मूर्ति स्थापित की गई है। ढोल-नगाड़ों और गरबा की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आ रहे हैं। कई लोगों ने अपने सिर पर ‘जय माता दी’ लिखी पट्टियां भी बांध रखी हैं। वीडियो में श्रद्धालुओं का उत्साह और भक्ति देखने को मिल रही है।

वीडियो में दी गई जानकारी के मुताबिक, कराची के इस मंदिर में नवरात्रि के दौरान नौ दिनों तक उत्सव मनाया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु माता रानी की पूजा करते हैं, गरबा खेलते हैं और प्रसाद बांटते हैं। बताया गया है कि रात 8 बजे से 12 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपने परिवारों के साथ शामिल होते हैं। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम का समय निर्धारित किया गया है।

सोशल मीडिया पर लोगों की भावुक प्रतिक्रियाएं

इस वीडियो को देखने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी अपनी भावनाएं जाहिर कर रहे हैं। कुछ लोगों ने भारत की ओर से प्यार और शुभकामनाएं भेजीं, तो कुछ ने इस उत्सव का हिस्सा बनने की इच्छा जताई। खास तौर पर सीमा पार श्रद्धालुओं को पूरे उत्साह के साथ नवरात्रि मनाते देखकर लोग खुशी जाहिर कर रहे हैं।

जमीनी हकीकत को जानना भी जरूरी

हालांकि, इस वीडियो को पसंद करते समय वहां की जमीनी हकीकत को भी ध्यान में रखना जरूरी है। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों के अधिकारों, सुरक्षा और धार्मिक स्वतंत्रता को लेकर समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में कराची के मंदिर में नवरात्रि मनाने का यह वीडियो वहां आयोजित एक धार्मिक उत्सव की झलक दिखाता है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह वीडियो लोगों का ध्यान खींचने के साथ-साथ सीमा पार धार्मिक आयोजनों को लेकर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here