कॉकरोच और कांग्रेस की चुनौती के बीच BJP का दबदबा, बंपर जीत से खिल उठा कमल, AAP का नहीं खुला खाता

0
8

नई दिल्ली: विपक्ष की घेराबंदी के बीच भाजपा को गुजरात से बड़ी खुशखबरी मिली है। तीन शहरी निकाय चुनावों में भाजपा ने एकतरफा जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस कमजोर नजर आई और आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। बता दें, मंगलवार को आए नतीजों के मुताबिक, राजधानी गांधीनगर नगर निगम (GMC) में भाजपा ने 44 में से 38 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी है।

वहीं, कांग्रेस को सिर्फ 5 सीटें मिलीं और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई और आम आदमी पार्टी इस बार अपना खाता भी नहीं खोल सकी, जबकि 2021 में हुए पिछले चुनाव में उसने 1 सीट जीती थी। बता दें, पिछले चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें अपने नाम की थी।

थारा और ओखा में भी लहराया भगवा 

बनासकांठा की थारा नगरपालिका में भाजपा ने 24 में से 19 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि कांग्रेस को 5 सीटों से संतोष करना पड़ा। देवभूमि द्वारका की ओखा नगरपालिका में भी भाजपा का दबदबा रहा। यहां 32 सीटों पर वोटिंग हुई थी, जिनमें से भाजपा ने 29 पर जीत दर्ज की और कांग्रेस को 3 सीटें मिलीं।ओखा में 4 सीटों पर भाजपा के उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध जीत चुके थे, क्योंकि वहां मैदान में सिर्फ वही बचे थे। इस तरह कुल 36 में से 33 सीटों पर भाजपा ने कब्जा जमाया। तीनों निकायों के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह 9 बजे शुरू हुई थी।

जीत के बड़े राजनीतिक मायने

भले ही यह जीत तीन छोटे शहरी निकायों में मिली है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने बड़े हैं। गुजरात भाजपा का सबसे मजबूत गढ़ माना जाता है और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले यह जीत कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा सकती है। राष्ट्रीय स्तर पर देखें तो यह जीत ऐसे समय आई है जब NEET पेपर लीक और SIR जैसे मुद्दों पर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी भाजपा सरकार पर हमलावर हैं। ऐसे में गुजरात की जीत से भाजपा को विपक्ष के हमलों का जवाब देने में मदद मिलेगी। इससे पहले राजस्थान के निकाय चुनाव में भी भाजपा ने अच्छा प्रदर्शन किया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here