'ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक पीछे नहीं हटेंगे', दिल्ली में आज फिर सड़कों पर उतरेंगे प्रदर्शनकारी

0
8

नई दिल्ली: दिल्ली में कड़ी सुरक्षा और भारी पुलिस बल की तैनाती के बावजूद कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का विरोध-प्रदर्शन थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर तक नहीं पहुंच सके, लेकिन राजधानी में करीब 22 स्थानों पर छोटे-छोटे समूहों ने नारेबाजी की। पार्टी के प्रमुख नेताओं की हिरासत के बीच अब अजिंक्य शिंदे ने आंदोलन की जिम्मेदारी संभाल ली है। उन्होंने साफ कर दिया है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक प्रदर्शन जारी रहेगा।

सीजेपी ने रविवार सुबह 10 बजे जंतर-मंतर की ओर मार्च निकालने का ऐलान किया है। शनिवार देर रात पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को छोड़ दिया, लेकिन पार्टी संयोजक अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और यूट्यूबर ध्रुव राठी को हिरासत में ही रखा गया है। राष्ट्रीय संगठन प्रभारी अजिंक्य शिंदे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि सरकार को लगा होगा कि नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने से आंदोलन खत्म हो जाएगा। उनके मुताबिक, मोदी और शाह की कार्रवाई दिखाती है कि प्रदर्शनकारियों ने अपनी लड़ाई में आधी जीत हासिल कर ली है। उन्होंने दोहराया कि संगठन पीछे हटने वाला नहीं है।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लगाए आरोप

दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो साझा कर आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण आंदोलन का अपना वादा तोड़ा है। पुलिस के अनुसार, जून और जुलाई में हुए प्रदर्शनों के दौरान सीजेपी ने शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का भरोसा दिया था, लेकिन इस बार उसका पालन नहीं किया गया। शनिवार को प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ताओं, प्रदर्शनकारियों और राजनीतिक नेताओं को हिरासत में लिया गया। शिंदे ने दावा किया कि छात्रों, नागरिक समाज के लोगों और राजनीतिक हस्तियों समेत 15 हजार से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने के 12 घंटे बाद तक उनकी स्थिति के बारे में जानकारी नहीं दी गई।

दिल्ली में ट्रैफिक को लेकर अलर्ट

सीजेपी के दोबारा प्रदर्शन करने के ऐलान के बाद दिल्ली में रविवार को लगातार दूसरे दिन यातायात प्रतिबंध लागू रहने की संभावना है। दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक, राजधानी के करीब 30 प्रमुख स्थानों पर वाहनों के रास्ते बदले जा सकते हैं। शनिवार देर रात जारी परामर्श में बताया गया कि मौजूदा हालात को देखते हुए रविवार सुबह छह बजे से यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।

मध्य दिल्ली में जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस, मंडी हाउस और पटेल चौक समेत कई इलाकों में आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है। पुलिस ने रेलवे स्टेशन, अंतरराज्यीय बस टर्मिनल और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को पर्याप्त समय लेकर निकलने की सलाह दी है। साथ ही, लोगों से गैर-जरूरी यात्राओं से बचने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here