मथुरा: थाना हाईवे क्षेत्र के गांव बाजना में प्लॉट की बाउंड्री कराए जाने को लेकर हुए विवाद में हथियारबंद लोगों ने जमकर फायरिंग कर दी। दिनदहाड़े हुई फायरिंग से गांव में अफरातफरी मच गई। हमलावरों की संख्या करीब 10 से 15 बताई जा रही है। घटना का 1 मिनट 19 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें कुछ लोग हाथों में हथियार लिए दिखाई दे रहे हैं, जबकि फायरिंग से बचने के लिए पीड़ित पक्ष के लोग ईंटों की आड़ में छिपते नजर आ रहे हैं।
निर्माण कार्य के दौरान विवाद बढ़ा, फिर फायरिंग
बाजना गांव निवासी दीपक गौतम अपने प्लॉट पर निर्माण कार्य करा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंच गए और निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में तनातनी हो गई। आरोप है कि हथियारों से लैस हमलावरों ने वहां मौजूद लोगों पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई फायरिंग से मौके पर भगदड़ मच गई। अपनी जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागते नजर आए। वायरल वीडियो में कई लोग हाथों में तमंचे और पिस्टल लिए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में फायरिंग की आवाज भी सुनाई दे रही है। पीड़ित पक्ष के लोग ईंटों की दीवार की आड़ में छिपकर अपनी जान बचाते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है।
एसपी ने दी जानकारी, सात आरोपियों पर मुकदमा
एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि दीपक गौतम की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि प्लॉट पर निर्माण कार्य कराए जाने के दौरान कुछ लोगों ने बाधा उत्पन्न की। प्रारंभिक जांच में चकरोड पर कब्जे को लेकर भूमि विवाद सामने आया है। दीपक की तहरीर के आधार पर सात नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसपी सिटी के मुताबिक आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है। उनकी तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। भूमि विवाद को देखते हुए मौके पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे। पुलिस वायरल वीडियो और घटनास्थल से जुड़े अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
Reported by: Prem Kaushik












