ACP विवेक भगत की तस्वीर लगाकर बनाया गया कथित फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर किया था वायरल, साइबर पुलिस ने हरियाणा के पलवल से दबोचा

0
9

नई दिल्ली: राजधानी में सोशल मीडिया के जरिए दिल्ली पुलिस की छवि को कथित तौर पर नुकसान पहुंचाने की कोशिश का साइबर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नई दिल्ली जिला स्थित थाना साइबर पुलिस ने पुलिस अधिकारी की तस्वीर नाम और पद का इस्तेमाल कर कथित तौर पर तैयार किए गए छेड़छाड़ किए गए वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में 24 वर्षीय नदीम अहमद अमीन को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरियाणा के पलवल जिले का रहने वाला है और पुलिस के मुताबिक स्वतंत्र पत्रकार के तौर पर काम करता है।

दिल्ली पुलिस मुख्यालय में प्रेस वार्ता के दौरान एडिशनल डीसीपी नई दिल्ली जिला मंजीत ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर ‘न्यूज़ आइन टुडे’ नाम से समाचार संबंधी हैंडल संचालित करता है। इसी नेटवर्क से जुड़े ‘न्यूज़ आइना’ नामक इंस्टाग्राम खाते से कथित आपत्तिजनक वीडियो प्रसारित किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वह मोबाइल फोन भी बरामद किया है जिसका इस्तेमाल कथित तौर पर वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में किया गया।

सोशल मीडिया निगरानी से खुला मामला

पुलिस के मुताबिक 4 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान इंस्टाग्राम और फेसबुक पर कुछ ऐसी रील सामने आईं जिन्हें कथित तौर पर वास्तविक सीसीटीवी फुटेज के रूप में पेश किया जा रहा था। वीडियो में पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति को एक महिला के साथ कथित तौर पर अनुचित व्यवहार करते हुए दिखाया गया था। मामले को गंभीर बनाते हुए वीडियो के साथ दिल्ली पुलिस के एसीपी विवेक भगत की तस्वीर नाम और पद प्रमुखता से प्रदर्शित किए गए थे। इससे ऐसा भ्रम पैदा करने की कोशिश की गई कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति स्वयं एसीपी विवेक भगत हैं। पुलिस ने प्राथमिक जांच में वीडियो को कथित रूप से फर्जी और छेड़छाड़ किया हुआ पाया।

फर्जी वीडियो से लेकर गिरफ्तारी तक

इस मामले में थाना साइबर नई दिल्ली जिला में एफआईआर संख्या 26/2026 दिनांक 4 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद साइबर पुलिस ने सोशल मीडिया खाते की गतिविधियों, तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल फोन से जुड़े डिजिटल सुरागों की जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर @news_aaina0776 इंस्टाग्राम खाते को संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान नदीम अहमद अमीन के रूप में की। पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी को 5 अक्टूबर को हरियाणा के मेवात क्षेत्र से पकड़ लिया।

मोबाइल बना डिजिटल राज का सबसे बड़ा सुराग

आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन की जांच में पुलिस को कथित तौर पर वही इंस्टाग्राम खाता लॉग-इन मिला जिसका इस्तेमाल आपत्तिजनक रील प्रसारित करने में किया गया था। पुलिस के अनुसार मोबाइल की गैलरी में कथित फर्जी रील से संबंधित सामग्री और तस्वीरें भी मिली हैं। यानी सोशल मीडिया पर चल रहे कथित फर्जीवाड़े की कहानी में मोबाइल फोन पुलिस के लिए ऐसा अहम सुराग बना जिसने जांच को सीधे आरोपी तक पहुंचा दिया। पुलिस के मुताबिक नदीम खुद को स्वतंत्र कथित तौर पर पत्रकार बताता है।

एआई से फर्जी रील तैयार करने का आरोप

पुलिस जांच में यह आरोप सामने आया है कि आरोपी ने 3 अक्टूबर को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित उपकरणों की मदद से कथित फर्जी रील तैयार की और 4 अक्टूबर को उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वीडियो तैयार करने में किस-किस तकनीकी माध्यम का इस्तेमाल किया गया और इसके पीछे कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं।

सिर्फ वायरल करना मकसद था या बड़ी साजिश?

मामले की जांच अब सिर्फ वीडियो बनाने और वायरल करने तक सीमित नहीं है। पुलिस आरोपी के कथित वित्तीय स्रोतों की भी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि क्या प्रदर्शन के दौरान तनाव अफरा-तफरी या अव्यवस्था पैदा करने के उद्देश्य से कोई बड़ी पूर्व नियोजित साजिश रची गई थी।पुलिस सोशल मीडिया पर ऐसे अन्य खातों की भी पहचान कर रही है जिनके बारे में संदेह है कि उन्होंने कथित तौर पर दिल्ली पुलिस की छवि खराब करने और लोगों के बीच असंतोष या भ्रम पैदा करने वाली सामग्री को बढ़ावा दिया।

अब ‘फर्जी नैरेटिव’ की पूरी कड़ी खंगालेगी पुलिस

जांच एजेंसियां अब वीडियो बनाने, संपादित करने, वित्तीय सहायता देने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वाले संभावित अन्य लोगों की भूमिका की पड़ताल कर रही हैं। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कथित सामग्री का मूल स्रोत क्या था और इसे तैयार करने के पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका तो नहीं थी। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे अदालत के समक्ष पेश किया जाएगा। मामले में आगे की जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here