देहरादून: उत्तराखंड के देहरादून से हत्या का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमनगर इलाके में बिहार के रहने वाले एक मजदूर की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और पत्नी के कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला ने अपने पति को शराब पिलाने के बहाने जंगल में बुलाया और वहां प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को जंगल में बनी खाई में फेंक दिया गया।
मृतक की पहचान बिहार के सहरसा जिले के रहने वाले मदन मुखिया के रूप में हुई है। उसका शव शनिवार को मांडूवाला के जंगल में एक खाई से बरामद किया गया था। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से चोट के निशान मिले थे। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका जताते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV और पूछताछ से खुला राज
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही आसपास रहने वाले लोगों और मजदूरों से भी पूछताछ की गई। इसी दौरान पुलिस को मामले में अहम सुराग मिले और जांच की दिशा मदन की पत्नी मीना देवी और उसके परिचित लल्लन शर्मा की तरफ बढ़ी।
पुलिस ने बिहार के सहरसा निवासी 30 वर्षीय मीना देवी और 23 वर्षीय लल्लन शर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में लल्लन ने हत्या की साजिश का खुलासा किया।
2-3 साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
पुलिस के अनुसार, लल्लन और मीना के बीच पिछले दो से तीन साल से संबंध थे। दोनों मजदूरी का काम करते थे। कुछ समय पहले मदन को पत्नी और लल्लन के रिश्ते के बारे में पता चल गया था। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
शराब पिलाने के बहाने जंगल ले गई मीना
पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत मीना अपने पति मदन को शराब पिलाने के बहाने कॉलेज के पास स्थित जंगल में ले गई। वहां शराब पीने के बाद मदन नशे में हो गया। आरोप है कि इसी दौरान मीना और लल्लन ने उस पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हत्या के बाद दोनों ने शव को खाई में फेंक दिया और वहां से निकल गए। पुलिस ने लल्लन की निशानदेही पर घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। मामले में दोनों आरोपियों से आगे पूछताछ की जा रही है।











