नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसाइटी में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, युवक 43वीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। ऊंचाई से गिरने के कारण शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-126 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान संभव जैन के तौर पर हुई है। पुलिस के अनुसार, संभव गुरुग्राम के मानेसर इलाके का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि उसने ऑनलाइन माध्यम से सुपरनोवा सोसाइटी में कमरा बुक किया था। वह घटना से एक दिन पहले ही यहां अकेले ठहरने के लिए आया था। पुलिस के मुताबिक, 3 अक्टूबर को युवक के बालकनी से गिरने की सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह कमरे की बालकनी की रेलिंग के पास था और इसके बाद नीचे गिर गया।
#Noida: युवक ने 43 वें फ्लोर से कूदकर की आत्महत्या
नोएडा के सेक्टर 94 सुपरनोवा सोसाइटी के एस्पायर टावर से कूदा युवक
ऊचाई से गिरने के बाद शख्स के शरीर के कई हिस्से जमीन पर बिखरे, पुलिस शिनाख्त में जुटी। pic.twitter.com/lriWbqzXAb
— Omkara (@OmkaraRoots) October 3, 2026
एसी मैकेनिक ने बचाने की कोशिश की
घटना के समय वहां एसी की मरम्मत का काम चल रहा था। मौके पर मौजूद मैकेनिक ने युवक को रोकने और बचाने की कोशिश की, लेकिन वह उसे बचा नहीं सका। पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार, घटना से पहले युवक ने मैकेनिक से अपनी मानसिक परेशानी की बात कही थी।आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ में भी युवक के तनाव में रहने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कर्ज को लेकर परेशान था युवक
जांच के दौरान युवक के आर्थिक परेशानी से जूझने की बात भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि संभव कर्ज को लेकर परेशान था और पिछले कुछ दिनों से घर से बाहर था। पुलिस को उसके पिता के साथ हुई चैट से भी कुछ जानकारी मिलने की बात कही गई है।
घटना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस फिलहाल पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और युवक से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।












