नई दिल्ली: अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर हमलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बता दें, ताजा मामला ओहायो राज्य से सामने आया है, जहां रिचमंड हाइट्स स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर को निशाना बनाया गया। अज्ञात हमलावरों ने मंदिर की इमारत पर ईंटें फेंकीं, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए और मंदिर को काफी नुकसान पहुंचा। यह हमला ऐसे वक्त हुआ है जब अमेरिका में हिंदू समुदाय नवरात्रि और हिंदू हेरिटेज मंथ का जश्न मना रहा था।
अंदर मौजूद थे पुजारी और श्रद्धालु
हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) और कोएलिशन ऑफ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका (CoHNA) के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे हुई। हमलावरों ने अचानक मंदिर पर ईंटें बरसाना शुरू कर दिया। उस समय मंदिर के अंदर पुजारी और कई श्रद्धालु मौजूद थे। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई, लेकिन खिड़कियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।
⚠️Hindu temple attacked in Ohio today| At 1:30 PM today, the Shree Swaminarayan Vadtal Dham Hindu Mandir in Richmond Heights, Ohio was attacked by perpetrator(s) who threw bricks at the temple causing significant damage.
Surveillance video is available and being reviewed by… pic.twitter.com/yruWaC7TnR
— Hindu American Foundation (@HinduAmerican) October 3, 2026
HAF ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी और लिखा कि दोपहर में ओहायो के रिचमंड हाइट्स मंदिर पर हमला किया गया, जिसमें ईंटें फेंकने से मंदिर को भारी नुकसान हुआ है।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हमले
अमेरिका में यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले कुछ महीनों में कई हिंदू मंदिरों पर हमले हो चुके हैं। मार्च 2025 में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स स्थित BAPS मंदिर में तोड़फोड़ की गई और दीवारों पर नफरती संदेश लिखे गए। सितंबर 2024 में न्यूयॉर्क के मेलविले और कैलिफोर्निया के सैक्रामेंटो में BAPS मंदिरों को नुकसान पहुंचाया गया था। वहीं दिसंबर 2023 में कैलिफोर्निया के नेवार्क में SMVS श्री स्वामीनारायण मंदिर पर नफरती ग्राफिटी बनाई गई थी।
पुलिस ने शुरू की जांच, अलर्ट पर FBI
घटना के बाद हिंदू संगठनों ने तुरंत स्थानीय पुलिस और FBI को सूचना दी है। इसके साथ ही मंदिर का CCTV फुटेज पुलिस को सौंप दिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। HAF ने बताया कि नागरिक अधिकार प्रभाग और FBI को भी मामले की जानकारी दे दी गई है। संगठनों ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि इस नफरती हमले की सार्वजनिक रूप से निंदा की जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए। अमेरिका में रह रहे भारतीय समुदाय ने भी इस घटना पर चिंता जताई है और सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।












