गाजियाबाद: चेन स्नैचिंग के आरोपी को मुठभेड़ के बाद दबोचा, पैर में लगी गोली, पुलिस पर फायरिंग का आरोप

0
8

गाजियाबाद: इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बुधवार देर रात कनावनी रोड पर हुई मुठभेड़ के बाद चेन और मोबाइल स्नैचिंग के एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनु उर्फ मनु दजर, निवासी गरिमा गार्डन, साहिबाबाद के रूप में हुई है। उसकी उम्र करीब 23 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार इंदिरापुरम थाना टीम कनावनी रोड पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कनावनी पुस्ता की ओर से बाइक पर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह बाइक मोड़कर भागने लगा। पुलिस का आरोप है कि पीछा किए जाने पर युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी।

दो सप्ताह पहले स्नैचिंग की बात कबूलने का दावा

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य के बताया कि पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद के अलग-अलग इलाकों में बाइक और स्कूटी बदलकर चेन व मोबाइल स्नैचिंग करने की बात बताई है। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने करीब दो सप्ताह पहले इंदिरापुरम क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की एक घटना में भी शामिल होने की जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि स्नैचिंग की घटनाओं से मिलने वाली चेन और मोबाइल बेचकर प्राप्त रकम वह खाने-पीने और अपने शौक पर खर्च करता था। पुलिस अब उसके बताए गए स्थानों और घटनाओं का सत्यापन कर रही है।

तमंचा और चोरी की बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, चोरी की बाइक और पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद करने का दावा किया है। बरामद बाइक के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है कि वह कहां से चोरी की गई थी, आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर के विभिन्न थानों में लूट, स्नैचिंग, चोरी और आर्म्स एक्ट समेत 10 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन करने के साथ ही उससे जुड़े अन्य मामलों की जानकारी जुटा रही है।मुठभेड़ के बाद घटनास्थल पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजने के बाद पुलिस ने मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here