नई दिल्ली: सड़क पर तेज रफ्तार के बीच जिंदगी की सुरक्षा का संदेश देने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने नंद नगरी डीटीसी डिपो में विशेष सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल के तत्वावधान में आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में डीटीसी चालक, परिचालक, अन्य कर्मचारी और आम नागरिक शामिल हुए।
पूर्वी रेंज ट्रैफिक डीसीपी श्वेता चौहान की निगरानी में रोड सेफ्टी सेल और नंद नगरी ट्रैफिक स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई। जागरूकता अभियान के दौरान एमई वैन के माध्यम से ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। फिल्मों और दृश्य प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को बताया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही किस तरह बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
नियमों का साथ, जिंदगी के नाम
अभियान के दौरान सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित सड़क व्यवहार पर विशेष जोर दिया गया। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने सड़क पर अनुशासन बनाए रखने और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में खास तौर पर नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने से रोकने को लेकर भी जागरूक किया गया। अभिभावकों और वाहन चालकों को समझाया गया कि बच्चों को कम उम्र में वाहन सौंपना उनके साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जिंदगी के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकता है।
डीटीसी चालकों और परिचालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के महत्व से अवगत कराते हुए सड़क पर धैर्य, सावधानी और जिम्मेदार व्यवहार अपनाने का संदेश दिया गया। उन्हें बताया गया कि सार्वजनिक परिवहन से जुड़े चालक सड़क सुरक्षा की जिम्मेदारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और उनका सतर्क व्यवहार हजारों यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा होता है।
जागरूकता वैन बनी सड़क सुरक्षा का चलता-फिरता मंच
एमई वैन में दिखाई गईं जागरूकता फिल्मों और ऑडियो-विजुअल सामग्री ने कार्यक्रम को प्रभावी बनाया। वास्तविक परिस्थितियों और सड़क सुरक्षा से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की अहमियत समझाई गई। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल नियमों की जानकारी देना नहीं बल्कि लोगों में सड़क पर जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना पैदा करना भी रहा। ट्रैफिक पुलिस ने अपील की कि हर वाहन चालक अपनी मंजिल तक पहुंचने की जल्दबाजी से पहले अपनी और दूसरों की जिंदगी की सुरक्षा को प्राथमिकता दे।
सड़क पर रफ्तार जरूरी है, लेकिन जिंदगी से ज्यादा नहीं
डीसीपी का संदेश “सड़क पर नियम निभाइए, सुरक्षित घर लौटकर आइए। रफ्तार पर नियंत्रण, जिंदगी का संरक्षण। “ट्रैफिक नियमों का करें सम्मान, सुरक्षित रहेगा हर इंसान। कार्यक्रम का आयोजन रोड सेफ्टी सेल और नंद नगरी ट्रैफिक सर्कल के इंस्पेक्टर विकास पंवार की टीम के सहयोग से किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में डीटीसी चालक, परिचालक, अन्य कर्मचारी और आम लोग शामिल हुए।











