पटना में अपराधियों ने गैरेज संचालक को बनाया निशाना, ताबड़तोड़ फायरिंग से हालत गंभीर

0
10
Patna Garage Owner Shot Four Times
Patna Garage Owner Shot Four Times

पटना: बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र के भूपतिपुर में शनिवार रात एक गैरेज संचालक पर अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने जैसे ही अंजनी नंदन कुमार गैरेज से बाहर निकले, उन पर लगातार चार गोलियां दाग दी। गंभीर रूप से घायल अंजनी नंदन को तुरंत मेदांता अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही रामकृष्णा नगर थाने की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हमलावरों ने किस मकसद से गैरेज संचालक को निशाना बनाया।

चार दिन पहले भी हुई थी ऐसी वारदात

गौरतलब है कि इससे पहले बुधवार को ही पटना के बुद्ध कॉलोनी थाना इलाके में एक पूर्व नगर पार्षद पर भी अज्ञात बदमाशों ने गोलियां चलाई थीं। पीड़ित अनिल यादव उस वक्त अपने अपार्टमेंट के बेसमेंट में कुछ समर्थकों के साथ बैठे हुए थे, तभी बाइक सवार दो हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में यादव को पांच गोलियां लगी थीं।

रिहायशी इलाके में मची अफरा-तफरी

यह गोलीबारी एक घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके में हुई, जिससे स्थानीय लोगों में खौफ फैल गया। जिस बिल्डिंग में यह घटना हुई, उसकी पहली मंजिल पर एक गर्ल्स हॉस्टल भी मौजूद है, जिस वजह से घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल और बढ़ गया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

जांच अधिकारी हमलावरों की पहचान के लिए अपार्टमेंट परिसर के साथ-साथ आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं। साथ ही पुलिस टीमें संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही हैं। बता दें कि अनिल यादव पटना नगर निगम के वार्ड नंबर 24 के पूर्व पार्षद हैं और उनकी पत्नी फिलहाल इसी वार्ड की मौजूदा पार्षद हैं। यह हमला इसलिए भी सुर्खियों में है क्योंकि कुछ दिन पहले ही यादव के बेटे की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस दोनों घटनाओं में किसी संभावित संबंध की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here