कमलजीत-सुरुचि ने एशियन गेम्स में साधा गोल्ड पर निशाना, भारत को दिलाया दूसरा स्वर्ण पदक

0
8
Kamaljeet and Suruchi win gold
X @clutchplay

नई दिल्ली: भारतीय निशानेबाज कमलजीत और सुरुचि की जोड़ी ने एशियन गेम्स 2026 में देश को दूसरा गोल्ड मेडल दिलाया है। इस जोड़ी ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट के फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। कमलजीत और सुरुचि ने न सिर्फ गोल्ड मेडल जीता, बल्कि इस दौरान एशियन रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इस जोड़ी ने कुल 484.6 अंकों के साथ स्पर्धा को समाप्त किया, जो वर्ल्ड रिकॉर्ड से महज 3.8 अंक पीछे रहा। 

पूरी स्पर्धा के दौरान भारतीय जोड़ी शुरुआत से ही बढ़त बनाए रही। कोरिया की टीम ने बीच में दबाव बनाने की कोशिश जरूर की, लेकिन भारतीय जोड़ी ने 6.6 अंकों के अंतर से जीत हासिल कर ली। अंतिम स्टैंडिंग में भारत 484.6 अंकों के साथ पहले, कोरिया 478 अंकों के साथ दूसरे और ईरान 415.8 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

क्वालिफिकेशन राउंड में भी दिखा दमदार खेल

गौर करने वाली बात यह है कि कमलजीत और सुरुचि ने क्वालिफिकेशन राउंड में भी बेहतरीन प्रदर्शन किया था। यह जोड़ी टॉप पोजीशन हासिल कर फाइनल में पहुंची थी। शुरुआती सीरीज में इन्होंने 196 अंक हासिल किए और दूसरी सीरीज तक यह स्कोर बढ़कर 391 पहुंच गया। महज 20 शॉट बचे रहने पर ही यह साफ हो गया था कि यह जोड़ी फाइनल में जगह बना लेगी, और लगातार अच्छे प्रदर्शन के दम पर ऐसा हुआ भी।

मेन्स 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन में मिला टीम सिल्वर

इसके अलावा भारतीय टीम ने मेन्स 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन इवेंट में भी पदक अपने नाम किया। ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर, नीरज कुमार और रुद्राक्ष पाटिल की तिकड़ी ने क्वालिफिकेशन में क्रमशः 589, 588 और 585 अंक हासिल कर भारत को टीम सिल्वर मेडल दिलाया। भारतीय दल कुल 1762 अंकों के साथ चीन (1766 अंक) से पीछे रहा, जबकि साउथ कोरिया ने तीसरा स्थान हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल जीता।

चूंकि फाइनल में सिर्फ दो खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं और रुद्राक्ष पाटिल का स्कोर टीम में तीसरे नंबर पर रहा, इसलिए वे व्यक्तिगत फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बाकी दोनों खिलाड़ी व्यक्तिगत फाइनल में कैसा प्रदर्शन करते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here