नई दिल्ली: तुर्की में गुरुवार को एक बार फिर धरती कांप उठी है। सुबह के समय आए भूकंप के तेज झटकों से लोग सहम गए और घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के मुताबिक भूकंप की तीव्रता 5.8 मापी गई है। इसका सबसे ज्यादा असर दियारबाकिर में महसूस किया गया। वहीं अदियामान, सानलिउर्फा और आसपास के कई प्रांतों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए है।
आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी AFAD ने दी जानकारी
पहले भूकंप की तीव्रता 5.5 बताई जा रही थी, लेकिन बाद में इसकी तीव्रता 5.8 बताई गई है। तुर्की की आपदा और आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी AFAD ने इसको लेकर जानकारी दी है। एजेंसी के अनुसार सुबह 10:40 बजे सानलिउर्फा के कराकुप्रू जिले में भूकंप आया, जिसकी तीव्रता 5.4 थी। इसके झटके सानलिउर्फा के अलावा अदियामान, मालट्या, दियारबाकिर और गाजियांटेप तक महसूस किए गए।
भूकंप के बाद AFAD और स्थानीय प्रशासन की टीमें तुरंत एक्टिव हो गईं। एजेंसी ने कहा कि अभी तक किसी भी तरह के बड़े नुकसान या किसी के हताहत होने की खबर नहीं मिली है। प्रभावित इलाकों में फील्ड स्कैनिंग का काम जारी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
भूंकप के बाद इलाके में दहशत का माहौल
प्रशासन के मुताबिक लोगों में भूकंप के बाद दहशत का माहौल है। कई इलाकों में लोग एहतियात के तौर पर खुले में आ गए। हालांकि राहत की बात यह है कि अब तक किसी के मारे जाने या घायल होने की पुष्टि नहीं हुई है। अधिकारी अलग-अलग जिलों में जाकर इमारतों और बुनियादी ढांचे को हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं।
तुर्की भूकंप के लिहाज से संवेदनशील जोन में आता है, जहां अक्सर इस तरह के झटके महसूस किए जाते हैं। कुछ साल पहले आए विनाशकारी भूकंप की याद अभी भी लोगों के जेहन में ताजा है, इसलिए इस बार के झटकों ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी। फिलहाल प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सतर्क रहने की अपील की है।











