नई दिल्ली: आतंकवाद को अपनी नेशनल पॉलिसी बनाने वाला पाकिस्तान अब खुद ही अपने पाले हुए आतंकियों से परेशान है। इस बात को अब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने खुद स्वीकार कर लिया है। एक पॉडकास्ट में उन्होंने लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद जैसे खूंखार आतंकी संगठनों को आतंकवादी संगठन बताते हुए उन पर हमला बोला है।
इतना ही नहीं ख्वाजा आसिफ ने इन दोनों संगठनों को अनगाइडेड मिसाइल तक कह दिया है। उन्होंने कहा कि ये संगठन पाकिस्तान के लिए ही मुसीबत बन गए हैं। अनगाइडेड मिसाइल इसलिए क्योंकि खुद पाकिस्तानी हुकूमत को भी नहीं पता कि ये कब और कहां जाकर फटेंगे और देश को नुकसान पहुंचाएंगे।
लश्कर और जैश ग्रुप्स को घोषित किया आतंकी संगठन
यह कबूलनामा पाकिस्तान के चैनल हम न्यूज के एक पॉडकास्ट में सामने आया है। इस पॉडकास्ट में एंकर जाहिद गिश्कोरी ने ख्वाजा आसिफ से सवाल पूछा था कि क्या भारत के दबाव में आकर पाकिस्तान ने लश्कर और जैश जैसे ग्रुप्स को आतंकी संगठन घोषित किया है। इस पर आसिफ ने पहले एधी फाउंडेशन और कराची की अन्य सामाजिक संस्थाओं का उदाहरण दिया।
उन्होंने कहा कि देश में कई संगठन हैं जो लोगों की मदद करते हैं, लेकिन उन्हें आतंकी नहीं कहा गया। फिर लश्कर और जैश पर आते हुए उन्होंने कहा कि ये लोग हथियार उठा लेते हैं और अपना हुलिया बदल लेते हैं। कभी ये अमेरिका की जंग लड़ने लगते हैं तो कभी अपनी खुद की जंग शुरू कर देते हैं। आसिफ ने इन आतंकी संगठनों को एक तरह की फ्रेंचाइजी बताया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सीरिया और इराक का क्या हाल हुआ है, सबने देखा है। खुदा न खास्ता पाकिस्तान का भी वही हाल न हो जाए। ये संगठन सेना की ताकत को कमजोर करते हैं।
15 सितंबर को रिलीज हुआ था पॉडकास्ट
पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने साफ कहा कि “हमें इन मिलिशिया की कोई जरूरत नहीं है। ये अनगाइडेड मिसाइल हैं जो किसी के कंट्रोल में नहीं रह सकते। पाकिस्तान के पिछले 40-50 साल के इतिहास ने यह साबित कर दिया है। बता दें, यह पॉडकास्ट 15 सितंबर को रिलीज हुआ था और अब इसके बाद पाकिस्तान की दुनिया भर में किरकिरी हो रही है।












