पटना: बिहार की राजधानी पटना से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को शर्मसार कर दिया। दानापुर के नासरीगंज इलाके की मिथिला कॉलोनी में एक पुलिसकर्मी ने अपनी ही सगी बहन को गोली मार दी, और फिर कुछ ही पलों में खुद को भी गोली मारकर अपनी जान दे दी। देखते ही देखते एक घर में मातम पसर गया और दोनों भाई-बहन की मौत हो गई।
मृतक पुलिसकर्मी की पहचान ओम चंद्र के रूप में हुई है, जो बिहार पुलिस में सिपाही के पद पर कार्यरत थे और मोतिहारी में तैनात थे। वहीं उनकी बहन का नाम पार्वती कुमारी बताया जा रहा है। पटना पश्चिम के नगर पुलिस अधीक्षक संकेत कुमार के अनुसार, मंगलवार रात करीब आठ बजे दानापुर थाने को दो लोगों के गोली लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया कि ओम चंद्र ने ही पहले अपनी बहन पार्वती पर गोली चलाई और उसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
पारिवारिक कलह की आशंका
घटनास्थल से पुलिस ने ओम चंद्र की सर्विस रिवॉल्वर बरामद की है, साथ ही वहां से दो खाली खोखे भी मिले हैं, जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि दो बार फायरिंग हुई थी। मामले की गहराई से जांच के लिए एफएसएल यानी फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी की टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी सबूत इकट्ठा किए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए दानापुर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस कर रही है जांच
पुलिस के मुताबिक अभी तक की जांच में इस दर्दनाक घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। इसके अलावा एक अहम जानकारी यह भी मिली है कि मृतका पार्वती कुमारी की मानसिक हालत पहले से ठीक नहीं थी, जो इस मामले की एक कड़ी हो सकती है। हालांकि पुलिस ने अभी इस घटना के पीछे की असली वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की तह तक जाने की कोशिश कर रही है, ताकि यह साफ हो सके कि आखिर इस भाई-बहन के बीच ऐसा क्या हुआ कि बात इतनी बड़ी वारदात तक पहुंच गई।












