नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेज उछाल देखने को मिला है. सऊदी अरब पर हूतियों के हमले के बाद सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ी है, जिसका सीधा असर क्रूड ऑयल की कीमतों पर पड़ा. हालांकि, इसका असर फिलहाल भारतीय पेट्रोल पंपों पर नजर नहीं आया है. देश में आज पेट्रोल-डीजल और एलपीजी के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया.
सोमवार को ब्रेंट क्रूड 2.90 डॉलर यानी 2.77 फीसदी चढ़कर 107.51 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. इसी तरह अमेरिकी WTI क्रूड भी 2.27 डॉलर यानी 2.27 फीसदी महंगा होकर 102.32 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता रहा.
आज क्या है पेट्रोल-डीजल का भाव
गणेश चतुर्थी के दिन तेल कंपनियों ने सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की नई कीमतें जारी कीं. दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये में मिल रहा है. देश में सबसे महंगा पेट्रोल आंध्र प्रदेश के चित्तूर में है, जहां इसका भाव 118.34 रुपये प्रति लीटर है. यहां डीजल भी 106.06 रुपये प्रति लीटर के साथ सबसे महंगा है.
इसके उलट पोर्ट ब्लेयर में ईंधन सबसे सस्ता है. यहां पेट्रोल की कीमत 88.66 रुपये और डीजल की कीमत 84.56 रुपये प्रति लीटर है.
क्रूड महंगा होने पर तुरंत क्यों नहीं बढ़ता पेट्रोल-डीजल
भारत अपनी तेल जरूरतों के लिए काफी हद तक दूसरे देशों से कच्चा तेल खरीदता है. ऐसे में अंतरराष्ट्रीय बाजार में लंबे समय तक क्रूड महंगा रहने से घरेलू ईंधन की कीमतों पर दबाव जरूर बनता है, लेकिन ब्रेंट क्रूड के 107 डॉलर पर पहुंचने का मतलब यह नहीं कि अगले ही दिन पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ जाएंगे.
घरेलू कीमत तय करते समय डॉलर के मुकाबले रुपये की स्थिति, रिफाइनिंग खर्च, टैक्स, डीलर मार्जिन और तेल कंपनियों की कीमत नीति जैसे कई पहलुओं को देखा जाता है. हालांकि, अगर कच्चा तेल लंबे समय तक 100 डॉलर से ऊपर बना रहता है, तो आने वाले समय में पेट्रोल-डीजल महंगा होने की संभावना बढ़ सकती है. महंगे डीजल का असर परिवहन लागत पर भी पड़ता है. माल ढुलाई महंगी होने से सब्जियों, अनाज, दूध और दूसरी रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दबाव आ सकता है.
दिल्ली के मुकाबले कहां कितना महंगा-सस्ता तेल
चित्तूर में पेट्रोल दिल्ली से 16.22 रुपये और डीजल 10.86 रुपये प्रति लीटर महंगा है. वहीं पोर्ट ब्लेयर में पेट्रोल 13.46 रुपये और डीजल 10.64 रुपये सस्ता है. इस हिसाब से सबसे महंगे और सस्ते शहर के बीच पेट्रोल में 29.68 रुपये और डीजल में 21.50 रुपये प्रति लीटर का अंतर है.
14 सितंबर को LPG के रेट
दिल्ली में 14 किलो का घरेलू गैस सिलेंडर 942 रुपये और 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर 2747.50 रुपये का है. कोलकाता में घरेलू सिलेंडर 968 रुपये और कमर्शियल 2882 रुपये है. मुंबई में घरेलू सिलेंडर 941.50 रुपये और कमर्शियल 2701 रुपये है. चेन्नई में घरेलू सिलेंडर 957.50 रुपये, जबकि कमर्शियल सिलेंडर 2916.50 रुपये का मिल रहा है.











