गैंगस्टर की 18.45 लाख की संपत्ति कुर्क, पुलिस ने विला पर लगाया सरकारी ताला

0
12

मथुरा: अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के आरोपी की संपत्ति पर शिकंजा कसा है। बुधवार को सदर बाजार पुलिस ने गोविंद नगर थाना क्षेत्र के निवासी ललित उर्फ लल्ले की 18.45 लाख रुपये कीमत की अचल संपत्ति कुर्क कर ली। जिलाधिकारी न्यायालय के आदेश पर हुई इस कार्रवाई से अपराधियों में खलबली मची रही।

नौ आपराधिक मुकदमों में नामजद है आरोपी

पुलिस के अनुसार, गोविंद नगर थाना क्षेत्र के जी-1 सेक्टर निवासी ललित उर्फ लल्ले के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के चलते उसके खिलाफ गोविंद नगर थाने में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने उसकी अवैध रूप से अर्जित संपत्ति चिह्नित कर कुर्की की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी न्यायालय में रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। न्यायालय से आदेश मिलने के बाद बुधवार को पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

50 वर्गमीटर के आवासीय विला को किया कुर्क

सदर बाजार थाना प्रभारी त्रिपुरेश कौशिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौजा आटस बांगर स्थित वृंदा आर्चिड में संपत्ति कुर्क की। यहां प्लॉट संख्या सी-40 के हिस्से में बने 50.166 वर्गमीटर क्षेत्रफल के आवासीय विला को कुर्क किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 18.45 लाख रुपये बताई गई है।

अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी हुई कार्रवाई

सीओ नगर आशना चौधरी और नायब तहसीलदार संजीव चौहान की मौजूदगी में पुलिस ने न्यायालय के आदेश का अनुपालन कर संपत्ति को अपने कब्जे में लेने की कार्रवाई पूरी की। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। गैंगस्टर और संगठित अपराध में संलिप्त आरोपियों की संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here