श्रीराम कॉलेज में सड़क सुरक्षा की पाठशाला, ARTO चम्पा लाल ने छात्रों को बताए यातायात के नियम

0
13

मुजफ्फरनगर: श्रीराम कॉलेज, मुजफ्फरनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा 19 नवंबर  को महाविद्यालय परिसर में यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एआरटीओ मुजफ्फरनगर  चम्पा लाल जी उपस्थित रहें। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं महाविद्यालय के गणमान्य अतिथि द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

क्या था उद्देश्य 

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों से अवगत कराना तथा उनमें सुरक्षित एवं जिम्मेदार सड़क व्यवहार की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि  चम्पा लाल जी ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग या पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण यातायात नियमों की अनदेखी, तेज गति से वाहन चलाना, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का प्रयोग न करना तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना है।

उन्होंने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की स्थिति में कभी भी वाहन न चलाने की सलाह दी। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि यातायात नियमों का पालन किसी चालान या जुर्माने के डर से नहीं, बल्कि अपने और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के लिए करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

प्राचार्या ने क्या कहा

महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क सुरक्षा वर्तमान समय की एक अत्यंत महत्वपूर्ण सामाजिक आवश्यकता है। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को जागरूकता, अनुशासन और सावधानी के माध्यम से काफी हद तक कम किया जा सकता है। युवा देश का भविष्य हैं और उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा समाज में भी सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करें। उन्होंने विद्यार्थियों को वाहन चलाते समय धैर्य बनाए रखने, यातायात संकेतों को समझने तथा पैदल यात्रियों और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के अधिकारों का सम्मान करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने राष्ट्रीय सेवा योजना के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना और जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करते हैं।

सड़क सुरक्षा ही जीवन सुरक्षा: डॉ. चौहान ने दिया अनुशासन का संदेश

श्रीराम कॉलेज के परीक्षा नियंत्रक डॉ. एस. एन. चौहान ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा का संबंध सीधे मानव जीवन की सुरक्षा से है। थोड़ी-सी लापरवाही किसी व्यक्ति और उसके परिवार के लिए गंभीर परिणाम उत्पन्न कर सकती है। इसलिए प्रत्येक वाहन चालक को यातायात नियमों का गंभीरता से पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पर चलते समय अनुशासन बनाए रखने, ट्रैफिक सिग्नल एवं सड़क संकेतों का पालन करने, ओवरटेकिंग में सावधानी बरतने तथा वाहन चलाते समय किसी भी प्रकार की जल्दबाजी से बचने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनना भी है।

छात्रों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ, हेलमेट-सीट बेल्ट का किया संकल्प

कार्यक्रम में विज्ञान संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर ने भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से यातायात नियमों को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों की जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सभी छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा शपथ भी दिलाई गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाते हुए संकल्प कराया कि वे सदैव यातायात नियमों का पालन करेंगे, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करेंगे, निर्धारित गति सीमा का पालन करेंगे, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करेंगे तथा नशे की स्थिति में कभी वाहन नहीं चलाएंगे। विद्यार्थियों ने यह भी संकल्प लिया कि वे सड़क पर पैदल चलने वालों, साइकिल चालकों एवं अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा का ध्यान रखेंगे तथा यातायात नियमों के प्रति अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करेंगे।

इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने सड़क सुरक्षा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा एक जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का संचालन एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. रितु पुंडीर द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया। उन्होंने अपने संचालन के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए विद्यार्थियों को जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहायक प्राध्यापिका श्रीमती रितु गर्ग का विशेष सहयोग रहा।

इस अवसर पर विज्ञान संकाय की डीन डॉ. पूजा तोमर, राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. ऋषभ भारद्वाज एवं सहायक प्राध्यापक श्री अंकित कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पूर्ण निष्ठा से पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा सड़क सुरक्षा के संदेश को अपने परिवार एवं समाज तक पहुंचाएं। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को यह महत्वपूर्ण संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों का पालन नहीं, बल्कि स्वयं के साथ-साथ दूसरों के जीवन के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का प्रतीक है।

Reported By: Rohit 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here