दिल्ली-NCR को प्रदूषण से मिली थोड़ी राहत, हवा सुधरते ही GRAP-3 की हटीं पाबंदियां

0
11

नई दिल्ली: दिल्लावासियो के लिए राहत की खबर सामने आई है। बता दें हवा के प्रदूषण की मात्रा कम होते ही CAQM यानी वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने ग्रैप तीन की पाबंदियों को हटा लिया है। दरअसल मंगलवार को प्रदूषण का स्तर नवंबर महीने में अब तक का सबसे कम दर्ज किया गया। मंगलवार शाम 4 बजे की रिपोर्ट के अनुसार शहर में AQI यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक का स्तर 204 दर्ज किया गया। यह अब भी खराब श्रेणी में है, लेकिन इस महीने सबसे कम है।

CAQM ने सोशल मीडिय पोस्ट के जरिए इस फैसले की जानकारी दी। आयोग ने बताया, ‘आज AQI का स्तर 204 पर पहुंच गया। ऐसे में रोजाना AQI में गिरावट का ट्रेंड दिखने के बाद CAQM सब-कमेटी ने GRAP स्टेज III को रद्द करने का फैसला किया है।  GRAP स्टेज I और II के तहत सभी एक्शन और 30.10.2026 के ऑर्डर के अनुसार पाबंदिया लागू रहेंगी।

ग्रैप-1 और ग्रैप-2 की पाबंदियां जारी रहेंगी

हालांकि फिलहाल ग्रैप चरण-I और चरण-II के तहत लागू पाबंदियां और कार्रवाइयां जारी रहेंगी। इस दौरान पूरे एनसीआर में सभी संबंधित एजेंसियों को इन नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है, ताकि हवा की गुणवत्ता फिर से गंभीर श्रेणी में न पहुंच जाए। सभी एजेंसियों को सख्त निगरानी रखने और स्टेज-I और II के उपायों को और तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोग का कहना है कि हवा में सुधार का ट्रेंड बना हुआ है, लेकिन अभी लापरवाही बरतने का समय नहीं है। अगर फिर से प्रदूषण बढ़ा तो पाबंदियां दोबारा लगाई जा सकती हैं। इसलिए सभी एजेंसियों को सड़कों पर पानी का छिड़काव, कूड़े को जलाने पर रोक और धूल नियंत्रण जैसे उपायों को और सख्ती से लागू करने को कहा गया है।

ग्रैप-3 के तहत लगी थीं कौन-कौन सी पाबंदियां?

ग्रैप-3 लागू होने के बाद दिल्ली-NCR में कई सख्त पाबंदियां लगाई गई थीं। इनमें गैर-आवश्यक निर्माण और तोड़फोड़ का काम पूरी तरह बंद था। कई गैर-जरूरी गतिविधियों पर भी सख्त प्रतिबंध था। इसके अलावा स्टोन क्रशिंग और खनन गतिविधियां नहीं हो सकती थीं। BS-III पेट्रोल और BS-IV डीजल चारपहिया वाहनों पर रोक थी। पुराने डीजल वाहनों की दिल्ली में एंट्री भी प्रतिबंधित थी। अब इन पाबंदियों के हटने से निर्माण कार्य और वाहनों की आवाजाही पर लगी रोक हट जाएगी, जिससे आम लोगों और कारोबारियों को थोड़ी राहत मिलेगी।

अभी भी खराब श्रेणी में है हवा

भले ही AQI 204 पर आ गया हो, लेकिन यह अब भी खराब श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों का कहना है कि इस हवा में लंबे समय तक बाहर रहने से सांस, आंखों और गले में दिक्कत हो सकती है। इसलिए बच्चों, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को अभी भी सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में हवा की गति में थोड़ा सुधार हो सकता है, जिससे प्रदूषण और कम हो सकता है। लेकिन पराली जलाने और वाहनों के धुएं का असर अभी बना हुआ है। दिल्लीवासियों को अभी मास्क पहनने और सुबह-शाम की सैर में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here