गांव मिर्जापुर में संत कबीर साहेब का मूर्ति स्थापना दिवस श्रद्धा से मनाया, सांसद जयप्रकाश ने लाइब्रेरी निर्माण के लिए दिए 11 लाख रुपये

0
9

मिर्जापुर: गांव मिर्जापुर में संत शिरोमणि कबीर साहेब का मूर्ति स्थापना दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में हिसार लोकसभा क्षेत्र के सांसद जयप्रकाश ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। पूर्व अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र सूरा, सरदार तेजवीर सिंह पुनिया, सतेंद्र सहारण और जिला पार्षद ओमप्रकाश मालिया सहित अनेक कांग्रेस के गणमान्य व्यक्ति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित जाति विभाग कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रतन कुमार बड़गूजर ने की।

शिक्षा और सामाजिक एकता को अपनाने का किया आह्वान

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जयप्रकाश ने कहा कि वर्तमान समय में दलित समाज को बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलने और उनके विचारों को अपनाने की आवश्यकता है। बाबा साहेब ने सबसे अधिक जोर शिक्षा पर दिया था। उन्होंने समाज के लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, मिल-जुलकर रहने और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

सरकार पर साधा निशाना, महंगाई और बेरोजगारी के मुद्दे उठाए

सांसद जयप्रकाश ने मौजूदा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में दलित एवं कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए शुरू की गई अनेक कल्याणकारी योजनाओं को बंद किया जा रहा है। शिक्षा महंगी हो गई है और कमजोर वर्गों के बच्चों को शिक्षा देने वाले सरकारी स्कूल बंद किए जा रहे हैं। उन्होंने मनरेगा, गरीबों को प्लॉट देने की योजनाओं और मकान निर्माण से जुड़ी सुविधाओं का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है और कानून व्यवस्था की स्थिति भी चिंताजनक बनी हुई है।

कबीर हॉल और लाइब्रेरी निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा

इस अवसर पर सांसद जयप्रकाश ने अपनी सांसद निधि से गांव में संत कबीर हॉल एवं लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। विशिष्ट अतिथियों ने भी अपनी ओर से सहयोग राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान धानक समाज की ओर से सांसद जयप्रकाश को पगड़ी पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा बुके और फूलमालाओं से सम्मानित किया गया। अन्य अतिथियों का भी पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।

समारोह में अनेक गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण रहे मौजूद

इस अवसर पर सतीश कुमार इंदौरा, डॉ. बढेवाराम, महावीर नागर, बलवान सिंह, ईश्वर सिंह मोर, विजेंद्र उर्फ बिल्लू, मदन लाल पापोसा, कर्मबीर जमावड़ी, बनारसीदास, देवी सिंह दुग्गल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here