‘राधे-राधे, कमल खिला दे’ के उद्घोष से भाजपा ने फूंका 2027 के चुनावी रण का बिगुल

0
10

मथुरा: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अभी से अपनी सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। मथुरा के फरह क्षेत्र के परखम स्थित गो ग्राम में आयोजित पार्टी की दो दिवसीय योजना बैठक मंगलवार को संपन्न हो गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति पर गंभीर मंथन किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित करीब 55 वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और संगठन के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

बैठक के दौरान पार्टी ने चुनावी तैयारियों के साथ संगठन की जमीनी ताकत को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया। सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने और संगठन के विभिन्न स्तरों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठे। पार्टी का जोर केवल चुनावी रणनीति बनाने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और मजबूत करने की दिशा में भी चर्चा हुई। इसके साथ ही बदलते राजनीतिक परिदृश्य में विपक्ष की चुनौतियों और जनता के बीच पार्टी की स्वीकार्यता को और विस्तार देने पर विचार किया गया।

दीनदयाल उपाध्याय और अशोक सिंघल को किया नमन

दूसरे दिन की बैठक की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अशोक सिंघल के चित्रों पर माल्यार्पण कर की। भगवान श्रीकृष्ण की भूमि पर आयोजित इस बैठक में पार्टी नेताओं ने ब्रज की सांस्कृतिक और वैचारिक विरासत का भी स्मरण किया। बैठक के समापन के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि भाजपा का संगठन लगातार विस्तार कर रहा है। वर्ष 2017 से पार्टी को प्रदेश में लगातार मिल रही चुनावी सफलता कार्यकर्ताओं की मेहनत और संगठन की मजबूती का परिणाम है। उन्होंने बताया कि पार्टी के दो करोड़ से अधिक सदस्य और ढाई लाख से अधिक सक्रिय सदस्य संगठन की बड़ी ताकत हैं। इन कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव के लिए प्रेरित और सक्रिय करने के उद्देश्य से ही इस तरह की योजना बैठक आयोजित की गई।

2027 में पूर्ण बहुमत से सरकार बनाने का दावा

पंकज चौधरी ने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और एआईएमआईएम सहित अन्य दलों के लिए प्रदेश में भाजपा को चुनौती देना आसान नहीं होगा। उन्होंने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर से पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। दो दिनों तक चले इस मंथन के साथ ही भाजपा नेतृत्व ने चुनावी तैयारियों को गति देने और संगठन को आगामी राजनीतिक चुनौती के लिए तैयार करने का संदेश दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here