'मोदी कहीं नहीं जाएगा', खड़गे के बयान पर BJP का पलटवार, नए गाने से दिया करारा जवाब

0
9

नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई टिप्पणी के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। दरअसल, रविवार को पटना में बिहार के पहले मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण सिंह की 139वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में खड़गे बोल रहे थे। इस दौरान दर्शकों में से किसी ने कहा कि ‘प्रधानमंत्री कहीं नहीं जाएंगे’, इस पर खड़गे ने जवाब में कहा – ‘मोदी का बाप भी जाएगा’। उनके इस बयान के बाद बीजेपी हमलावर हो गई।

बीजेपी का सोशल मीडिया पर पलटवार 

खड़गे के बयान के जवाब में बीजेपी ने सोशल मीडिया पर पलटवार तेज कर दिया है और ‘मोदी कहीं नहीं जाएगा’ नाम से एक गाना जारी किया है। पार्टी ने इस बयान को मुद्दा बनाते हुए सोशल मीडिया पर कैंपेन शुरू कर दिया है। कई बड़े नेताओं ने X और इंस्टाग्राम पर एक म्यूजिक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में पीएम मोदी की अलग-अलग तस्वीरें हैं और बैकग्राउंड में गाना बज रहा है। इस गाने को संबित पात्रा, पीयूष गोयल, मोहन यादव, रेखा गुप्ता और अन्नपूर्णा देवी समेत कई नेताओं ने शेयर किया है।

क्या हैं गाने के बोल?

गाने के बोल में बार-बार कहा गया है, “आंखें झुका लो, कान खोल के सुन लो, मोदी कहीं नहीं जाएगा।” गाने में विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा गया है – “तुमने सोचा झुका दोगे, पर शेर नहीं झुकता, जनता का जो साथ है, वो कभी नहीं रुकता।” साथ ही विपक्ष पर अभद्र भाषा इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए लाइन है, “तुम गाली पे गाली दो, वो काम दिखाता है, सपनों के भारत को वो आगे बढ़ाता है।”

कांग्रेस ने भी खोला मोर्चा, लगाया ‘वोट चोरी’ का आरोप

दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने राहुल गांधी का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने पीएम मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाया है। राहुल ने कहा कि वे जनता से डरे हुए हैं और सबूत सामने आने के बाद भाग नहीं सकते। कांग्रेस ने खड़गे का भी एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वे चार राज्यों में ‘वोट चोरी’ का आरोप लगा रहे हैं।

बता दें कि यह पूरा सोशल मीडिया वॉर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले INDIA ब्लॉक के ‘दिल्ली चलो मार्च’ से ठीक पहले हो रहा है। गठबंधन ने इसे ‘वोट चोरी’ के खिलाफ सबसे बड़ा प्रदर्शन बताया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here