IPL 2026 का फाइनल मैच बेंगलुरु छोड़ अहमदाबाद में होगा आगाज, यहां देखें प्लेऑफ का नया शेड्यूल

0
102
Ipl 2026
Ipl 2026

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का सबसे बड़ा मुकाबला अब अहमदाबाद में खेला जाएगा. 31 मई को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में फाइनल मैच का आयोजन होगा. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) पिछले सीजन की चैंपियन टीम होने के बावजूद अपनी होम ग्राउंड पर फाइनल की मेजबानी से वंचित रह जाएगी.

BCCI ने क्यों तोड़ी परंपरा?

आईपीएल की पुरानी परंपरा रही है कि डिफेंडिंग चैंपियन को फाइनल मैच की मेजबानी मिलती है, लेकिन इस बार BCCI ने यह परंपरा तोड़ दी है. बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर “परिचालन और लॉजिस्टिक्स” संबंधी कारण बताए हैं. सूत्रों का कहना है कि बेंगलुरु में टिकट आवंटन को लेकर हुए राजनीतिक विवाद ने भी इस फैसले में अहम भूमिका निभाई.

टिकट विवाद क्यों बना वजह?

इस सीजन की शुरुआत में कर्नाटक के कुछ कांग्रेस विधायकों ने मुफ्त आईपीएल टिकटों की मांग की थी. उन्होंने दावा किया कि विधायक वीआईपी हैं, इसलिए उन्हें आम दर्शकों की तरह लाइन में नहीं खड़ा होना चाहिए. यह मुद्दा तेजी से राजनीतिक रंग ले गया. उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को बीच में पड़ना पड़ा.

अंत में समझौता हुआ और विधायकों, एमएलसी व सांसदों को तीन-तीन मानार्थ टिकट दिए गए. हालांकि कर्नाटक के गृह मंत्री जी. परमेश्वर ने साफ कर दिया कि ये टिकट गैर-हस्तांतरणीय होंगे और केवल परिवार के सदस्य ही इनका उपयोग कर सकेंगे. इस पूरे विवाद ने बीसीसीआई को बेंगलुरु की मेजबानी पर पुनर्विचार करने पर मजबूर किया.

पिछले साल की घटना का भी असर

बेंगलुरु की मेजबानी पर सवाल पिछले साल भी उठे थे. आरसीबी के खिताब जीतने के जश्न के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भीड़ प्रबंधन में अराजकता हुई थी, जिसमें कई लोगों की जान चली गई थी. सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर उठे इन सवालों ने भी बीसीसीआई के फैसले को प्रभावित किया।

प्लेऑफ का नया शेड्यूल

BCCI ने मंगलवार को प्लेऑफ मैचों के नए कार्यक्रम की घोषणा की. जिसमें बेंगलुरु के लिए बुरी खबर थी कि वे प्लेऑफ का भी कोई भी मैच होस्ट नहीं कर पाएंगे. अब पूरे प्लेऑफ को तीन शहरों में बांटा गया है:

क्वालीफायर 1: 26 मई – एचपीसीए स्टेडियम, धर्मशाला
एलिमिनेटर: 27 मई – न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
क्वालीफायर 2: 29 मई – न्यू इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, न्यू चंडीगढ़
फाइनल: 31 मई – नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद

RCB का प्रदर्शन

खुशखबरी यह है कि आरसीबी मैदान पर अच्छा प्रदर्शन कर रही है. मौजूदा सीजन में नौ मैचों में 12 अंक लेकर टीम पॉइंट्स टेबल में दूसरे स्थान पर है. टीम फाइनल तक पहुंचने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है, भले ही फाइनल मैच अब बेंगलुरु के बजाय अहमदाबाद में खेला जाएगा.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here