हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन सख्त, सवा साल से बंद रुद्रा बायोमेडिकल प्लांट का रास्ता खुला

0
12

मुजफ्फरनगर: भोपा रोड स्थित चांदपुर गांव के पास रुद्र वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट को लेकर चल रहा विवाद गुरुवार को एक नए मोड़ पर पहुंच गया। करीब सवा साल से बंद पड़े प्लांट का रास्ता प्रशासन और पुलिस ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में खुलवा दिया। एसडीएम सदर शुभम श्रीवास्तव और सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के नेतृत्व में पहुंची टीम ने फैक्ट्री के गेट पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाई और रास्ते में डाले गए अवरोधों को साफ कराकर आवागमन बहाल कराया। 5 जून 2025 से ग्रामीण प्लांट के विरोध में धरना दे रहे थे। कंपनी प्रबंधन ने शुक्रवार से प्लांट का संचालन शुरू करने की बात कही है।

कंपनी-ग्रामीण विवाद और हाईकोर्ट का आदेश

दरअसल, इस प्लांट को लेकर कंपनी और ग्रामीणों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। ग्रामीणों का कहना था कि बायोमेडिकल वेस्ट प्लांट से निकलने वाले संभावित प्रदूषण का आसपास के लोगों की सेहत पर बुरा असर पड़ सकता है। वहीं, कंपनी का दावा था कि यहां बायोमेडिकल कचरे का वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाना है और इसके लिए सभी जरूरी अनुमति एवं दस्तावेज उसके पास मौजूद हैं। कंपनी के मुताबिक, करोड़ों रुपये का निवेश करने के बावजूद धरने और रास्ता बंद होने के कारण प्लांट शुरू नहीं हो पा रहा था। रास्ता खुलवाने के लिए कंपनी प्रबंधन ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। सीओ नई मंडी राजू कुमार साव के अनुसार, याचिका संख्या 35574/2025 पर हाईकोर्ट ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस को फैक्ट्री का निर्बाध संचालन सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी आदेश के अनुपालन में गुरुवार को मजिस्ट्रेट, राजस्व विभाग की टीम, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में गेट पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाई गई और प्लांट तक जाने वाला रास्ता खुलवा दिया गया।

ग्रामीणों की सहमति और प्लांट संचालन की घोषणा

सीओ ने बताया कि ग्रामीणों को समझाया गया है कि प्लांट को लेकर उनकी जो भी आपत्तियां हैं, उन्हें अगली सुनवाई में अदालत के सामने हलफनामे के माध्यम से रखा जा सकता है। ग्रामीणों ने अगली सुनवाई की तारीख तक रास्ते में किसी तरह की बाधा नहीं डालने पर सहमति जताई है। वहीं, शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस टीम को मौके पर तैनात रखा जाएगा। कंपनी के एमडी वरिंदर दीप सिंह टोर्ना ने बताया कि रास्ता बंद होने के कारण करीब सवा साल तक फैक्ट्री में न तो सामान पहुंच सका और न ही वहां से बाहर जा सका। हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद प्रशासन ने रास्ता खुलवा दिया है और अब शुक्रवार से प्लांट का संचालन शुरू किया जाएगा। फिलहाल प्रशासनिक कार्रवाई के बाद फैक्ट्री तक पहुंचने का रास्ता तो खुल गया है, लेकिन ग्रामीणों की आपत्तियां और कंपनी का पक्ष अब अदालत में सुनवाई के दौरान सामने आएगा। ऐसे में सवा साल से चले आ रहे इस विवाद का अगला फैसला न्यायालय की सुनवाई पर निर्भर करेगा।

Reported by/ Rohit

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here