नई दिल्ली: बिहार में पुलिस विभाग से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने हलचल मचा दी है। एक मामले में एक प्रशिक्षु दारोगा पर युवती ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है, तो दूसरे मामले में मद्य निषेध विभाग के दारोगा को अवैध वसूली के आरोप में सेवा से हटा दिया गया है। पहला मामला दरभंगा जिले का है। केवटी थाने के प्रशिक्षु दारोगा नीतीश कुमार के खिलाफ एक युवती ने महिला थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। युवती सिंघवाड़ा थाना क्षेत्र की रहने वाली है।
युवती ने क्या बताया?
युवती ने अपने आवेदन में बताया है कि जब दारोगा कमतौल थाने में पदस्थापित थे, तब गश्ती के दौरान उनकी मुलाकात हुई थी। आरोप है कि मार्च 2026 में कमतौल में पदस्थापन के दौरान दारोगा ने युवती से प्यार का इजहार किया और शादी का आश्वासन दिया। इसके बाद करीब नौ महीने तक दोनों के बीच शारीरिक संबंध बने।
युवती का आरोप है कि वहां से ट्रांसफर होने के बाद दारोगा ने शादी करने से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसी महीने दारोगा की मंगनी होने वाली है, जिसके बाद युवती ने महिला थाने में शिकायत दी। महिला थाना प्रभारी ज्योति कुमारी ने बताया कि युवती के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया गया है। युवती का मेडिकल जांच डीएमसीएच में कराया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अवैध वसूली में दारोगा सेवामुक्त
दूसरा मामला नवादा का है। यहां मद्य निषेध विभाग ने अवैध वसूली के आरोप में दारोगा नीतीश कुमार को दोषी पाए जाने के बाद सेवा से हटा दिया है। आयुक्त, मद्य निषेध दिव्या शक्ति ने 17 नवंबर 2026 को उनकी सेवाच्युति का आदेश जारी कर दिया है। आरोप है कि नवादा में पदस्थापित तत्कालीन दारोगा नीतीश ने शराब के नशे में पकड़े गए आरोपियों को छोड़ने के एवज में स्कैनर के माध्यम से 34 हजार रुपये की अवैध वसूली की थी। घटना के वक्त वह सरकारी वाहन में वर्दी में थे। मामला अगस्त 2025 में नवादा के गोविंदपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा है। उस वक्त नीतीश गोविंदपुर चेकपोस्ट पर प्रतिनियुक्त थे।
14 अगस्त को रोह थाने की पुलिस को शिकायत मिली थी कि महावरा मोड़ के पास सीमेंट लदे ट्रक को रोककर अवैध वसूली की जा रही है। शिकायत पर पुलिस ने उत्पाद विभाग का बोर्ड लगी स्कॉर्पियो के साथ पांच लोगों को पकड़ा था। इसमें ड्राइवर सचिन राज, दारोगा का कथित भांजा राजाराम, नीतीश कुमार, नीरज कुमार और सुधीर कुमार शामिल थे। बाद में दारोगा नीतीश को गोविंदपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। नवादा के अधीक्षक, मद्य निषेध गणेश चंद्रा ने इस कार्रवाई की पुष्टि की है।











