हिसार: ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों के संरक्षण और उनके उत्थान को लेकर मूर्ति रक्षित मूर्ति संरक्षित फाउंडेशन की ओर से ‘सृष्टि की नगरी खजुराहो – चलो एक दीप, एक संकल्प यात्रा’ दिल्ली से शुरू की गई है। यह यात्रा 24 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके माध्यम से देशभर में भारतीय संस्कृति, धार्मिक आस्था और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जावरी मंदिर की खंडित प्रतिमा के संरक्षण का उठेगा मुद्दा
फाउंडेशन के अध्यक्ष राकेश दलाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश के खजुराहो स्थित जावरी मंदिर की खंडित प्रतिमा के संरक्षण एवं संभावित पुनर्स्थापन के विषय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाना है। उन्होंने कहा कि 24 नवंबर को जावरी मंदिर परिसर के पास शांतिपूर्ण दीपोत्सव सत्याग्रह एवं महाआरती का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर एक लाख दीप प्रज्वलित करने का संकल्प लिया गया है। पूरा कार्यक्रम कानून एवं प्रशासनिक नियमों के दायरे में आयोजित किया जाएगा।
संत समाज और प्रवासी भारतीयों का मिल रहा समर्थन
राकेश दलाल ने बताया कि इस विषय को देशभर के संत समाज, धर्माचार्यों, भारतीय समुदाय और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के समक्ष रखा जा रहा है। उनके अनुसार, अभियान को अनेक साधु-संतों एवं धर्माचार्यों का समर्थन मिल रहा है। विदेशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय भी इस पहल के समर्थन में आगे आए हैं।
शंकराचार्य से भी लिया गया धार्मिक मार्गदर्शन
उन्होंने बताया कि गोवर्धन पीठ, पुरी के शंकराचार्य जगद्गुरु स्वामी निश्चलानंद सरस्वती जी महाराज के समक्ष भी जावरी मंदिर का विषय रखा गया है। धार्मिक स्तर पर प्रतिमा की प्रतिष्ठा के संबंध में मार्गदर्शन प्राप्त हुआ है। वहीं, नई प्रतिमा के निर्माण के लिए सामाजिक स्तर पर आर्थिक सहयोग की पेशकश भी की गई है।
इटली और ग्रीस की विरासत वापसी का दिया उदाहरण
दलाल ने अंतरराष्ट्रीय विरासत संरक्षण का उदाहरण देते हुए इटली और ग्रीस के पार्थेनॉन से संबंधित प्राचीन शिलाखंड के वर्ष 2022 में ग्रीस वापस पहुंचाए जाने का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार भारत में भी आधुनिक संरक्षण विज्ञान और भारतीय कानून के तहत जावरी मंदिर की खंडित प्रतिमा के संरक्षण एवं संभावित पुनर्स्थापन का विशेषज्ञों से मूल्यांकन कराया जाना चाहिए।
एक दीप, एक संकल्प से सांस्कृतिक विरासत बचाने की अपील
राकेश दलाल ने कहा कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि देश की सांस्कृतिक पहचान, ऐतिहासिक विरासत और धरोहरों के सम्मान के प्रति समाज को जागरूक करने का अभियान है। एक दीप, एक संकल्प के संदेश के साथ 24 नवंबर को खजुराहो में दीपोत्सव सत्याग्रह एवं महाआरती के माध्यम से इस अभियान को विशेष रूप दिया जाएगा।












