मुंबई: बॉलीवुड में गैंगस्टर धमकियों का सिलसिला थम नहीं रहा है। टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी के बाद अब लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने अभिनेता आमिर खान को खुलेआम धमकी दी है। गैंग ने आमिर की तीसरी शादी को ‘लव जिहाद’ और सनातन धर्म के खिलाफ बताते हुए अंजाम भुगतने की चेतावनी दी है। जुलाई के बाद आमिर को दूसरी बार धमकी मिली है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी धमकी
टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई के नाम से बने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा गया, “आमिर खान जैसे लोग लव जिहाद के नाम पर हमारी संस्कृति के खिलाफ काम कर रहे हैं। हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे और इसका जवाब बहुत जल्द दिया जाएगा। यह सनातन धर्म और देश के खिलाफ है। जो भी ऐसी घटिया हरकतों को बढ़ावा देगा, हम अपने तरीके से जवाब देंगे। स्टारडम के नाम पर इसे बढ़ावा देने वालों की सांसें दबा देंगे।”
पोस्ट में श्रीगंगानगर में एक मासूम बच्ची के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए भी चेतावनी दी गई है। गैंग ने लिखा कि प्रशासन ने अच्छा काम किया है, लेकिन कुछ नेता आरोपियों को बचा रहे हैं। जो भी इस कांड में एक प्रतिशत भी शामिल है और कानून से बच गया, उसे हम सजा देंगे। नेताओं को भी इसमें दखल न देने की आखिरी चेतावनी दी गई। पोस्ट के अंत में गैंग ने अपने दो साथियों प्रवेश और हिमांशु को याद किया।
टाइगर केस में बड़ा खुलासा
उधर, टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, शूटर्स के निशाने पर बॉलीवुड के कई बड़े सितारे थे। आरोपी एक महीने पहले मुंबई आए थे और अमिताभ बच्चन, आमिर खान, अक्षय कुमार और सलमान खान के घरों की रेकी की थी। आरोपी ऑटो रिक्शा चालकों से कहते थे कि उन्हें स्टार्स के घर की फोटो लेनी है। अलग-अलग ऑटो वालों ने उन्हें कई एक्टर्स के घर दिखाए।
गैंग ने निर्देश दिया था कि जिस स्टार की सुरक्षा कम हो, उसे टारगेट किया जाए। एक ऑटो चालक ने बताया कि टाइगर हर रविवार जुहू के फुटबॉल ग्राउंड पर आते हैं। 11 अक्टूबर को आरोपी ग्राउंड पर पहुंचे लेकिन टाइगर नहीं आए। फिर 18 अक्टूबर को हथियारों के साथ दोबारा पहुंचे और टाइगर की कार पर फायरिंग कर दी।












