नई दिल्ली: दिल्ली जल बोर्ड के पेंशनरों के लिए सोमवार का दिन किसी बड़ी राहत से कम नहीं रहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत दिल्ली जल बोर्ड के 50 हजार से अधिक पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों के लिए कैशलेस मेडिकल सुविधा का शुभारंभ किया। अब इलाज के दौरान अपनी जेब से रकम खर्च करने और बाद में प्रतिपूर्ति के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरने की परेशानी से पेंशनरों को राहत मिलेगी।
उपचार से जांच तक कैशलेस होगी मेडिकल सुविधा
नई व्यवस्था के तहत उपचार से लेकर चिकित्सकीय जांच तक की सुविधा कैशलेस होगी। सिंगल विंडो व्यवस्था के जरिए पूरी प्रक्रिया को आसान और सुविधाजनक बनाया गया है। सरकार का दावा है कि इस कदम से खासकर बुजुर्ग पेंशनरों को बड़ी राहत मिलेगी।
रेखा गुप्ता ने पेंशनरों के लिए स्वास्थ्य सुविधा को बताया सरकार की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली जल बोर्ड के पेंशनरों और फैमिली पेंशनरों ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा दिल्लीवासियों की सेवा में लगाया है। ऐसे में जीवन के इस पड़ाव पर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पहले इलाज का खर्च खुद उठाने के बाद प्रतिपूर्ति के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था, लेकिन अब इस परेशानी को खत्म करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि जिन्होंने वर्षों तक दिल्ली के घरों तक पानी और सीवर सेवाएं पहुंचाईं, उनके स्वास्थ्य की जिम्मेदारी भी सरकार की है।












